फिट इंडिया मूवमेंट के तहत जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और खिलाड़ियों ने दिया स्वास्थ्य व पर्यावरण संरक्षण का संदेश
ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया । भारत सरकार के “फिट इंडिया मूवमेंट” के अंतर्गत विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित “संडे ऑन साइकिल” अभियान और ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, खिलाड़ियों, स्कूली विद्यार्थियों तथा नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
साइकिल रैली में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, साजा विधायक ईश्वर साहू, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं, डीआईजी रामकृष्ण साहू, जिला पंचायत सीईओ प्रेमलता पदमाकर, नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक शामिल हुए। रैली के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर विधायक दीपेश साहू ने कहा कि साइकिल चलाना स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का सरल एवं प्रभावी माध्यम है। वहीं विधायक ईश्वर साहू ने साइकिलिंग को स्वस्थ समाज और स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण बताते हुए लोगों से अधिकाधिक साइकिल उपयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भारत माता चौक में आयोजित जुम्बा डांस रहा। जिले में पहली बार आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, खिलाड़ियों एवं स्कूली बच्चों ने उत्साह के साथ सहभागिता कर फिटनेस का संदेश दिया।
ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष की भावना विकसित करते हैं तथा शिविर से प्राप्त प्रशिक्षण खिलाड़ियों के भविष्य के लिए लाभकारी सिद्ध होगा।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक अवधेश सिंह चंदेल, जिला प्रभारी राजेन्द्र शर्मा, जनपद पंचायत अध्यक्ष हेमा दिवाकर, शहर मंडल अध्यक्ष युगल देवांगन सहित अनेक जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी और नागरिक उपस्थित रहे।
“संडे ऑन साइकिल” अभियान के माध्यम से जिलेवासियों को नियमित शारीरिक गतिविधियों, खेलों के प्रति रुचि और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का प्रभावी संदेश दिया गया।




