– किक्की रेस्टोरेंट, जयराज स्वीट्स, अली बिरयानी और धमतरी मूंगबड़ा पर जुर्माना
रायपुर, सेहत से खिलवाड़ करने वाली दुकानों, प्रतिष्ठानों, होटलों और रेस्टोरेंट पर निगर निगम और नगर निगम स्वास्थ्य विभाग की ओर से सघन छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान निगम को मिली शिकायतों के आधार पर चलाया जा रहा है। साथ ही साथ मौके पर नोटिस देकर जुर्माना भी किया जा रहा है। इसी क्रम में नगर पालिक निगम के जोन 5 स्वास्थ्य विभाग में प्राप्त स्वच्छता से सम्बंधित शिकायत को तत्काल संज्ञान में लेते हुए निगम की टीम ने राजधानी के कई इलाकों में ( जीई मार्ग आमापारा चौक से स्वामी विवेकानंद आश्रम के मध्य संबंधित दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान गंदगी, खराब सामान मिलने पर दुकानों पर सख्त कार्रवाई करते हुए रेस्टोरेंट को नोटिस जारी कर जुर्माना किया गया है।
इन प्रतिष्ठानों पर हुई कार्रवाई
रायपुर नगर पालिक निगम आयुक्त संबित मिश्रा द्वारा दिए गए निर्देशानुसार नगर पालिक निगम जोन 5 जोन कमिश्नर खीरसागर नायक के मार्गदर्शन में नगर निगम जोन 5 स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा जी ई मार्ग में आमापारा चौक से स्वामी विवेकानंद आश्रम तक के मध्य मुख्य बाजार क्षेत्र मार्ग में दुकानों की स्वच्छता व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण करने पर गंदगी पाए जाने और स्थल पर मिली शिकायत सही पाया गया। इसपर कार्रवाई करते हुए टीम ने किक्की रेस्टोरेंट दुकान पर 5000 रूपये, जयराज स्वीट्स दुकान पर 2000 रूपये, अली बिरयानी दुकान और धमतरी मूंगबड़ा दुकान पर 500 -500 रूपये का जुर्माना किया। वहीं इलाके के चार फल दुकानों में गंदगी मिलने पर दुकान संचालकों पर कुल 800-800 रूपये का जुर्माना किया है। इस प्रकार विभिन्न सम्बंधित 8 दुकान संचालकों को भविष्य के लिए नियमानुसार कड़ी चेतावनी देते हुए उन पर कुल 8800 रूपये का ई चालान की कार्रवाई की गई है।
कार्रवाई के दौरान हुई बहस
कड़ी कार्यवाही वस्तुस्थिति की जानकारी लेने स्वच्छता व्यवस्था के किये गए औचक निरीक्षण के दौरान नगर निगम जोन 5 जोन के अधिकारियों और दुकानदारों के बीच तीखी बहस भी हुई। लेकिन निगम अधिकारियों की सख्ती पर दुकानदार शांत हुए। इस अभियान में स्वास्थ्य अधिकारी संदीप वर्मा, स्वच्छता निरीक्षक दिलीप साहू एवं प्रेम मानिकपुरी एवं दिलीप भारती एवं टीम प्रहरी ने सक्रिय भूमिका निभाई।




