थानखम्हरिया। दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल एवं साजा विधायक ईश्वर साहू ने साजा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न कार्यक्रमों के पश्चात थानखम्हरिया पहुंचकर स्वर्गीय सुरेंद्र सिंघानिया को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।
सांसद विजय बघेल दोपहर लगभग 3 बजे स्वर्गीय सुरेंद्र सिंघानिया के निवास पहुंचे, जहां उन्होंने परिवारजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान उन्होंने स्वर्गीय सुरेंद्र सिंघानिया के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके द्वारा समाज एवं परिवार के लिए किए गए उल्लेखनीय योगदान को स्मरण किया।
सांसद बघेल ने स्वर्गीय सुरेंद्र सिंघानिया के भाई अनिल सिंघानिया, पुत्र संदीप सिंघानिया, पुत्री स्वाति पोद्दार, बहू अंजलि सिंघानिया एवं भतीजे अतुल सिंघानिया से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने परिवार को इस दुःख की घड़ी में धैर्य एवं संबल बनाए रखने का संदेश देते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
इस अवसर पर विधायक ईश्वर साहू भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी स्वर्गीय सुरेंद्र सिंघानिया के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा शोकाकुल परिवार को सांत्वना प्रदान करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जोशी, हर्षवर्धन तिवारी, जिला महामंत्री राजेश ठाकुर, सुरेश सिंघानिया, जिला पंचायत सभापति परमेश्वर वर्मा, परमेश्वर सिन्हा, जिला पंचायत सदस्य गोविंद पटेल, पूर्व मंडल अध्यक्ष पुन्नी तोरण यादव, ज्वाला सिंह राजपूत, सोनू शर्मा, चंद्रशेखर राजपूत, आदर्श जोशी, नमिता सिन्हा, रेखा शर्मा, भार्गव पटेल, पारस योगी, दौलतनाथ योगी, हिमाचल चौबे, रमन साहू, गणेश पटेल, राहुल छाबड़ा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनों ने अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दिवंगत के सामाजिक योगदान को याद किया तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। परिवारजनों ने इस कठिन समय में पहुंचकर सांत्वना देने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया।




