ब्यूरो चीफ संतोष कुमार साहू
भाटापारा।पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय भाटापारा में मंगलवार को नए शिक्षा सत्र 2026-27 की शुरुआत शाला प्रवेश उत्सव के साथ उत्साहपूर्ण माहौल में हुई। पहले ही दिन सुबह से छात्र-छात्राओं के स्कूल पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। लंबे अवकाश के बाद विद्यालय पहुंचे बच्चों में नए सत्र को लेकर उत्साह देखने को मिला।
शासन के निर्देशानुसार, आयोजित शाला प्रवेश उत्सव के तहत नवप्रवेशी विद्यार्थियों सहित सभी बच्चों का तिलक लगाकर, पेन, पेंसिल भेंट कर स्वागत किया गया। जिससे बच्चों में उत्साह का माहौल बना रहा।
नए सत्र के पहले दिन विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों, विद्यालय की गतिविधियों एवं शैक्षणिक व्यवस्था की जानकारी दी गई।
विद्यालय के प्राचार्य अशोक सिंह परिहार द्वारा बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासन का पालन करने तथा मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यालयों में बच्चों की चहल-पहल से रौनक लौट आई। कक्षाओं में नए मित्रों से मुलाकात और शिक्षकों से परिचय को लेकर छात्र-छात्राएं काफी उत्साहित नजर आए।
शाला प्रवेश उत्सव का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ना तथा शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस प्रकार विद्यालय में उत्साह और उमंग के साथ नए शिक्षा सत्र का शुभारंभ हुआ।




