बार-बार ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज से बढ़ी मुश्किलें, सुधार की मांग तेज
ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थानखम्हरिया। नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या से आमजन, किसान और व्यापारी भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। अघोषित बिजली कटौती के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है तथा दैनिक कार्यों के साथ कृषि कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
नगरवासियों का कहना है कि भीषण गर्मी के बीच बार-बार बिजली गुल होने से घरों में लगे पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण ठीक से काम नहीं कर पा रहे हैं। ट्रिपिंग की समस्या का कोई निश्चित समय नहीं है। सुबह, दोपहर, शाम अथवा देर रात कभी भी बिजली घंटों बंद हो जाती है, जिससे पेयजल आपूर्ति सहित अनेक आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्थिति कमोबेश यही है। किसानों का कहना है कि क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा मुख्य रूप से ट्यूबवेल पर निर्भर है, लेकिन लगातार ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज के कारण खेतों की सिंचाई नहीं हो पा रही है। इससे फसलों और सब्जी उत्पादन पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

भाजपा जिला महामंत्री राजेश ठाकुर ने बताया कि लो-वोल्टेज और लगातार ट्रिपिंग के चलते नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में कृषि कार्य गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जिन किसानों ने सब्जी एवं अन्य फसलें लगाई हैं, उन्हें सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हर 15 से 30 मिनट में बिजली बंद होना दुर्भाग्यपूर्ण है और विभाग को शीघ्र व्यवस्था सुधारने की आवश्यकता है।
वहीं विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारी डी. शुक्ला ने बताया कि व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुधार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि तकनीकी खामियों को दूर करने के लिए कई बार बिजली बंद कर चालू करनी पड़ती है। विभाग द्वारा समस्या के स्थायी समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं तथा शीघ्र ही व्यवस्था में सुधार किया जाएगा। उन्होंने दोपहर बाद थानखम्हरिया पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और आवश्यक कदम उठाने की बात कही है।
लगातार बनी हुई इस समस्या को लेकर क्षेत्रवासियों में नाराजगी है। लोगों ने विद्युत विभाग से जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है ताकि आमजन, किसान और व्यापारियों को राहत मिल सके।



