बेमेतरा/- जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जनहितैषी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खण्डसरा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने ओपीडी, प्रसव कक्ष, इमरजेंसी वार्ड, पैथोलॉजी लैब तथा दवा भंडार कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीज पंजी, चिकित्सकों की उपस्थिति, दवा उपलब्धता और साफ-सफाई की स्थिति की भी समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों से कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य केंद्र आमजन की पहली उम्मीद होते हैं, इसलिए प्रत्येक मरीज को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना प्राथमिक जिम्मेदारी है।

मानसून के मद्देनजर कलेक्टर ने डायरिया, मलेरिया, डेंगू और पीलिया जैसे जल जनित एवं मौसमी रोगों की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने ओआरएस पैकेट, क्लोरीन टैबलेट, बुखार एवं उल्टी-दस्त की दवाओं सहित आवश्यक औषधियों का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता एवं जल शुद्धिकरण के प्रति जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एंटी रैबीज वैक्सीन (एआरवी) तथा एंटी स्नेक वेनम (एएसवी) के उपलब्ध स्टॉक की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सर्पदंश और कुत्ते के काटने की घटनाएं सामने आती रहती हैं, ऐसे में जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित रहनी चाहिए। उन्होंने वैक्सीन के सुरक्षित रखरखाव और कोल्ड चेन प्रणाली के पालन के निर्देश दिए।
कलेक्टर सुश्री ममगाईं ने स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने पहुंची गर्भवती महिलाओं से भी संवाद किया। उन्होंने प्रसव पूर्व जांच, आयरन-फोलिक एसिड की गोलियां, टीकाकरण और पोषण आहार की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। महिलाओं ने नियमित स्वास्थ्य जांच और दवाएं मिलने की बात कही। कलेक्टर ने सभी गर्भवती महिलाओं को संस्थागत प्रसव के लिए प्रेरित करते हुए जननी सुरक्षा योजना के लाभों की जानकारी दी।
निरीक्षण के अंत में कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी समय पर उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें।



