Home छत्तीसगढ़ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर थानखम्हरिया में सामूहिक योगाभ्यास, जनप्रतिनिधियों ने दिया स्वास्थ्य...

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर थानखम्हरिया में सामूहिक योगाभ्यास, जनप्रतिनिधियों ने दिया स्वास्थ्य का संदेश

9
0

 

ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया

थानखम्हरिया,  । अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित स्वामी विवेकानंद स्टेडियम (कंतेली) में जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। “स्वस्थ राष्ट्र के लिए योग” थीम पर आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा थीं। विशिष्ट अतिथियों में विधायक दीपेश साहू, विधायक ईश्वर साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा तथा जिला पंचायत सदस्य अजय साहू उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई एवं पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया।

योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम में तीन पीढ़ियों द्वारा एक साथ योगाभ्यास तथा पूरे परिवार के साथ योग करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। वहीं स्कूली छात्राओं की आकर्षक योग प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया।

अपने संबोधन में राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्वभर में इसे अपनाया जा रहा है।

विधायक दीपेश साहू ने योग को वैज्ञानिक एवं अनुशासित जीवन पद्धति बताते हुए युवाओं से इसे दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की। विधायक ईश्वर साहू ने कहा कि योग स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार है तथा वर्तमान जीवनशैली में मानसिक शांति और नई ऊर्जा प्रदान करता है।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक अवधेश चंदेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, विद्यार्थी, योग संस्थानों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

योग दिवस पर हुआ पौधारोपण

सामूहिक योगाभ्यास के पश्चात स्वामी विवेकानंद स्टेडियम परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा सहित सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि योग व्यक्ति को स्वस्थ बनाता है, वहीं वृक्षारोपण प्रकृति को स्वस्थ रखने का माध्यम है। सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम योग एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here