थानखम्हरिया। विश्व योग दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए जारी पोस्टर में साजा विधायक ईश्वर साहू का नाम एवं फोटो शामिल नहीं किए जाने का मामला चर्चा का विषय बन गया है। इस घटना को लेकर विधायक सहित उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने नाराजगी व्यक्त की है।
साजा विधायक ईश्वर साहू ने कहा कि जिला स्तरीय कार्यक्रम के पोस्टर में उनका नाम और फोटो नहीं होना प्रोटोकॉल की अनदेखी है। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों के सम्मान और निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन किया जाना आवश्यक है। उन्होंने मामले की जांच कर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई किए जाने की बात कही।

विधायक ने कहा कि भविष्य में इस प्रकार की त्रुटियों की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए। उन्होंने इसे जनप्रतिनिधियों की गरिमा से जुड़ा विषय बताया।
इधर, क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भी इस घटना पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि यह केवल एक जनप्रतिनिधि की नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता की उपेक्षा है, जिसने उन्हें अपना प्रतिनिधि चुनकर विधानसभा भेजा है।
सोशल मीडिया पर भी इस मामले को लेकर विभिन्न प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कई लोगों ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिला स्तरीय कार्यक्रमों में प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। वहीं कुछ लोगों ने इसे प्रशासनिक लापरवाही करार दिया है।
विश्व योग दिवस जैसे महत्वपूर्ण आयोजन में सामने आए इस विवाद ने जिले में चर्चाओं का दौर शुरू कर दिया है। अब लोगों की निगाहें प्रशासन द्वारा की जाने वाली संभावित जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।




