Home छत्तीसगढ़ कुमारी देवी चौबे कृषि महाविद्यालय, साजा में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग...

कुमारी देवी चौबे कृषि महाविद्यालय, साजा में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

9
0

 

ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया

थानखम्हरिया, । अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कुमारी देवी चौबे कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, साजा में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन उत्साह एवं उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार बताया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. ललित कुमार रामटेके की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसने आज विश्व स्तर पर स्वास्थ्य और कल्याण के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव, अनियमित जीवनशैली और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक संतुलन स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रतिदिन योग एवं ध्यान को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विशेष रूप से आमंत्रित योग प्रशिक्षक श्री वोकेश साहू ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम, सूक्ष्म व्यायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। उन्होंने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन एवं शशांकासन सहित अनेक महत्वपूर्ण योगासनों का प्रदर्शन करते हुए उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। साथ ही अनुलोम-विलोम, कपालभाति एवं भ्रामरी प्राणायाम के माध्यम से मानसिक शांति, एकाग्रता तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उपाय भी बताए।

योग सत्र के दौरान छात्र-छात्राओं ने पूरे अनुशासन और उत्साह के साथ योगाभ्यास किया। कार्यक्रम में योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, तनावमुक्त जीवन तथा सकारात्मक सोच विकसित करने के महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर डॉ. गोविंद प्रसाद कन्नौजे, डॉ. निर्झरनी नंदेहा, डॉ. स्वर्णलता बारा, डॉ. ओम कुमार नेताम, डॉ. श्रुति वर्मा एवं डॉ. ज्योति बाला सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक उपस्थित रहे। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों के साथ योगाभ्यास में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए नियमित योग, संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सहभागिता रही। योगाभ्यास के उपरांत सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ, तनावमुक्त, नशामुक्त एवं सकारात्मक जीवन के निर्माण हेतु नियमित योग करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का सफल संचालन एवं आभार प्रदर्शन डॉ. गोविंद प्रसाद कन्नौजे द्वारा किया गया। उन्होंने योग प्रशिक्षक, अतिथियों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाकर ही स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज का निर्माण संभव है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने वाला सफल एवं स्मरणीय आयोजन सिद्ध हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here