ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया
थानखम्हरिया। केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा स्वच्छ भारत अभियान के माध्यम से लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन थानखम्हरिया तहसील कार्यालय परिसर में स्वच्छता व्यवस्था की स्थिति इन प्रयासों पर प्रश्नचिह्न खड़े करती नजर आ रही है। तहसील कार्यालय में प्रतिदिन ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आम नागरिक अपनी समस्याओं एवं प्रशासनिक कार्यों के लिए पहुंचते हैं, लेकिन यहां उन्हें गंदगी और अव्यवस्था का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार तहसील कार्यालय परिसर स्थित सार्वजनिक शौचालय की नियमित साफ-सफाई नहीं होने के कारण वहां से दुर्गंध फैल रही है। स्थिति ऐसी है कि कई लोगों को मुंह पर कपड़ा रखकर कार्यालय परिसर में आना-जाना पड़ रहा है। आम नागरिकों का कहना है कि शौचालय की बदहाल स्थिति के कारण परिसर में बैठना और प्रतीक्षा करना भी मुश्किल हो जाता है।

बताया जाता है कि कार्यालय समय के दौरान भी सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं दिखाई देती। तहसील कार्यालय जैसे महत्वपूर्ण शासकीय संस्थान में स्वच्छता की अनदेखी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाने की जिम्मेदारी जिन विभागों और अधिकारियों पर है, उनके कार्यालय परिसर में ही साफ-सफाई का अभाव होना दुर्भाग्यपूर्ण माना जा रहा है।
तहसील कार्यालय परिसर का सार्वजनिक शौचालय प्रतिदिन बड़ी संख्या में आने वाले नागरिकों द्वारा उपयोग किया जाता है। ऐसे में इसकी नियमित सफाई और रखरखाव अत्यंत आवश्यक है। नागरिकों ने संबंधित अधिकारियों से शीघ्र ध्यान देकर स्वच्छता व्यवस्था में सुधार करने तथा शौचालय की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।




