Home छत्तीसगढ़ अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में साजा पुलिस को बड़ी सफलता, आरोपी...

अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में साजा पुलिस को बड़ी सफलता, आरोपी गिरफ्तार

7
0

शराब पार्टी के दौरान विवाद के बाद पत्थर से सिर कुचलकर की थी हत्या

ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया

थानखम्हरिया। बेमेतरा जिले के साजा थाना क्षेत्र में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी को साजा पुलिस ने महज तीन दिनों में सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बाद आरोपी ने आवेश में आकर पत्थर से वार कर युवक की हत्या कर दी थी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम चोंगीखपरी निवासी टुमन लाल देशलहरे ने थाना साजा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका बड़ा भाई नरेश देशलहरे (40 वर्ष) 21 जून को अपनी स्कूटी क्रमांक CG 25 P 8618 से घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले दिन सुबह गांव के एक व्यक्ति के मोबाइल पर आए फोटो से पता चला कि नरेश देशलहरे का शव ग्राम हरडुवा के कन्हारखार धरसा स्थित खेत में पड़ा हुआ है।

परिजनों द्वारा मौके पर पहुंचकर पहचान करने पर देखा गया कि नरेश देशलहरे खून से लथपथ अवस्था में मृत पड़ा था तथा उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। शव के पास उसकी स्कूटी भी खड़ी थी। रिपोर्ट के आधार पर थाना साजा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) श्री रामकृष्ण साहू (आईपीएस) ने तत्काल आरोपी की पहचान कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हरीश यादव एवं एसडीओपी बेरला श्री विनय कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन लाल टोन्डे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान एफएसएल टीम एवं डॉग स्क्वॉड की भी सहायता ली गई।
विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम हरडुवा निवासी यशवंत साहू (33 वर्ष) पर संदेह हुआ। यशवंत साहू जन्म से मूक है, इसलिए उसके बड़े भाई बनवाली साहू की सहायता से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने इशारों में बताया कि 21 जून को वह और नरेश देशलहरे साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया, जिससे आवेश में आकर उसने पास पड़े पत्थर से नरेश के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना के समय पहने कपड़े सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी यशवंत साहू पिता स्वर्गीय जगदीश साहू, निवासी हरडुवा थाना साजा को 24 जून 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
इस कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक मयंक मिश्रा, थाना प्रभारी साजा निरीक्षक रोशन लाल टोन्डे, चौकी प्रभारी देवकर सहायक उपनिरीक्षक अलील चंद, सहायक उपनिरीक्षक बनवाली राम सोनकर, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक चंचल पांडेय, प्रधान आरक्षक पवन सिंह राजपूत, दुर्गेश तिवारी, शिवराज सिंह, साइबर सेल के आरक्षक नुरेश वर्मा, संजय पाटिल, जयकिशन साहू, रेखन साहू, आरक्षक रामानुज जायसवाल, अर्जुन ध्रुवे, कैलाश पाटिल, गोकुल सोनी, राजू यादव सहित अन्य पुलिस कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here