ठाठापुर में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत सौर ऊर्जा संयंत्र का किया उद्घाटन
ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया
थानखम्हरिया। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने अपने पैतृक ग्राम ठाठापुर में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत स्थापित सौर ऊर्जा संयंत्र का उद्घाटन एवं निरीक्षण किया। इस अवसर पर श्रीमती वीणा सिंह, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, आनंद सिंह एवं सुदर्शन ठाकुर भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि तेल एवं गैस जैसे प्राकृतिक संसाधनों की बचत और संरक्षण के लिए जनजागरण आवश्यक है तथा सौर ऊर्जा का अधिक से अधिक उपयोग समय की जरूरत है।
अपने संबोधन में डॉ. रमन सिंह ने भावुक होते हुए कहा, “मेरी पहचान इसी गांव की माटी से बनी है। मेरा जन्म यहीं हुआ, यहीं पढ़ाई की और इसी मिट्टी में खेलते हुए बड़ा हुआ। मैं अपने बच्चों से भी कहता हूं कि जब भी ठाठापुर आओ तो यहां की माटी का तिलक अवश्य लगाना, क्योंकि इसी माटी ने मुझे तीन बार मुख्यमंत्री बनाया और आज विधानसभा अध्यक्ष के रूप में सेवा करने का अवसर दिया है।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत देशभर के लाखों घरों में रूफटॉप सोलर प्लांट लगाए जा रहे हैं। इससे लोगों को सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध होगी, बिजली बिल में कमी आएगी तथा पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने आमजन से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में ऊर्जा विभाग के प्रबंध निदेशक ने भी सौर ऊर्जा की उपयोगिता एवं योजना की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर रायपुर उत्तर विधायक पुरेंद्र मिश्रा, पूर्व विधायक एवं संसदीय सचिव सियाराम साहू, मोतीराम चंद्रवंशी, रामकुमार भट्ट, जिला पंचायत सदस्य मनीष बोहरा, रघुराज सिंह ठाकुर, राजेंद्र चंद्रवंशी, जसवीर बग्गा, संतोष मिश्रा, उपाध्यक्ष अनिल सिंघानिया, पत्रकार बंटी जोशी, भाजपा मंडल अध्यक्ष नरेश साहू, रोशन दुबे, राजू पारेख, भाजपा नेता खोमलाल सहित ऊर्जा विभाग एवं प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन संतोष तिवारी ने किया।



