ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया
थानखम्हरिया। भारत सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत नगर पंचायत थानखम्हरिया में पाँच वर्ष तक के बच्चों को पल्स पोलियो की दवा पिलाई गई। अभियान के अंतर्गत नगर के चार निर्धारित केंद्रों पर बच्चों को पोलियो की खुराक दी जा रही है।
इस अभियान में अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। जिला अध्यक्ष अनिल सिंघानिया, उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम अग्रवाल एवं आशीष बंसल ने बच्चों को पल्स पोलियो की दवा पिलाकर अभियान को सफल बनाने में सहयोग किया। इस दौरान अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपने पाँच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएँ, ताकि उन्हें पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।

कार्यक्रम का संचालन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थानखम्हरिया के निर्देशन में किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के सहयोग से नगर पंचायत के चारों केंद्रों पर अभियान सुचारु रूप से संचालित हुआ।
इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. जायसवाल ने कहा कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान भारत सरकार का एक महत्वपूर्ण जनस्वास्थ्य कार्यक्रम है, जिसका मुख्य उद्देश्य पोलियो बीमारी का देश से पूर्णतः उन्मूलन करना है। उन्होंने बताया कि अभियान के अगले चरण में स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पाँच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएँगी। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को यह जीवनरक्षक खुराक अवश्य दिलाएँ और अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के पदाधिकारियों ने कहा कि समाज समय-समय पर विभिन्न सामाजिक एवं जनहित के सेवा कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाता रहा है तथा आगे भी स्वास्थ्य, शिक्षा एवं जनकल्याण से जुड़े अभियानों में अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करता रहेगा।



