ब्यूरो चीफ: अनिल सिंघानिया
थानखम्हरिया, । छत्तीसगढ़ शासन की डिजिटल सुशासन पहल सेवा सेतु पोर्टल एक जरूरतमंद बुजुर्ग परिवार के लिए वरदान साबित हुई। बेमेतरा जिले के तहसील साजा अंतर्गत ग्राम चिल्की निवासी बुजुर्ग देवप्रसाद साहू को अपने बीमार नाती के इलाज के लिए तत्काल आय प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। समय पर प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में अस्पताल में उपचार प्रभावित होने की आशंका थी, लेकिन सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से समय पर प्रमाण पत्र मिलने से इलाज बिना किसी बाधा के जारी रह सका।

जानकारी के अनुसार, देवप्रसाद साहू के नाती का उपचार एक प्रमुख अस्पताल में चल रहा है। शासन द्वारा निर्धारित उपचार सहायता का लाभ लेने के लिए आय प्रमाण पत्र अनिवार्य था। उन्होंने बिना किसी बिचौलिए के सेवा सेतु पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया। आवेदन प्राप्त होते ही तहसील साजा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित सत्यापन कर निर्धारित समय से पहले ही आय प्रमाण पत्र जारी कर दिया।
समय पर प्रमाण पत्र मिलने से अस्पताल की सभी औपचारिकताएं पूरी हो गईं और मरीज का उपचार निर्बाध रूप से चलता रहा। इससे परिवार को आर्थिक राहत मिलने के साथ-साथ मानसिक तनाव से भी काफी हद तक मुक्ति मिली।
अपने अनुभव साझा करते हुए देवप्रसाद साहू ने कहा कि पहले छोटे-छोटे शासकीय कार्यों के लिए कई बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती थी। अब सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया सरल हो गई है और निर्धारित समय में सेवाएं मिलने लगी हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, छत्तीसगढ़ शासन एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर आय प्रमाण पत्र मिलने से उनके नाती के इलाज में कोई बाधा नहीं आई।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार डिजिटल सुशासन को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आय, जाति, निवास, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र सहित अनेक नागरिक सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। इससे शासन की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ी है तथा आम नागरिकों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं।
बेमेतरा जिला प्रशासन भी सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का संवेदनशीलता एवं समयबद्धता के साथ निराकरण सुनिश्चित कर रहा है। विशेष परिस्थितियों वाले मामलों में मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए त्वरित कार्रवाई की जा रही है, जिससे जरूरतमंद लोगों को समय पर राहत मिल सके।
देवप्रसाद साहू की यह कहानी केवल एक आय प्रमाण पत्र मिलने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह तकनीक और संवेदनशील प्रशासन के समन्वय का ऐसा उदाहरण है, जिसने एक परिवार की मुश्किल घड़ी में बड़ी राहत पहुंचाई और सेवा सेतु पोर्टल को शासन एवं जनता के बीच भरोसे का मजबूत सेतु बना दिया।




