प्रदेशभर से पहुंचे अग्रबंधुओं की गरिमामयी उपस्थिति, समाज की एकता का दिया संदेश
थानखम्हरिया। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन, छत्तीसगढ़ की प्रांतीय कार्यकारिणी का भव्य एवं ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह मुख्य अतिथि तथा पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत मित्तल सहित राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों तथा प्रदेशभर से आए अग्रबंधुओं ने सहभागिता की।
समारोह के सफल आयोजन पर प्रदेश अध्यक्ष रामावतार अग्रवाल, प्रदेश प्रभारी ईश्वर अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री कर्तव्य अग्रवाल एवं महेश अग्रवाल को समाजजनों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने कहा कि यह आयोजन समाज की एकता, संगठन, सेवा और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है तथा प्रदेश नेतृत्व के कुशल मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयास का परिणाम है।

शिव कुमार अग्रवाल, प्रदेश सदस्यता प्रभारी एवं अग्रवाल सभा बिलासपुर के अध्यक्ष ने प्रदेश नेतृत्व और नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को सफल आयोजन के लिए हार्दिक बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि सम्मेलन समाजहित में शिक्षा, सेवा, संस्कार और युवा सशक्तिकरण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगा।
इस अवसर पर बेमेतरा जिले से जिला अध्यक्ष अनिल सिंघानिया के नेतृत्व में प्रमोद सिंघानिया, शिवेंद्र बिंदल, रौनक मुरारका, सुनील अग्रवाल एवं किरोड़ीमल अग्रवाल ने समारोह में सहभागिता की। आयोजन समिति द्वारा सभी प्रतिनिधियों का दुपट्टा ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। समारोह में प्रदेशभर से पहुंचे अग्रबंधुओं ने समाज की एकजुटता और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।




