Home छत्तीसगढ़ पुलिस कंट्रोल रूम के औचक निरीक्षण में डीआईजी ने दिए सख्त निर्देश

पुलिस कंट्रोल रूम के औचक निरीक्षण में डीआईजी ने दिए सख्त निर्देश

14
0

सूचना तंत्र मजबूत कर अपराध नियंत्रण, कम्यूनिटी पुलिसिंग व विजिबल पुलिसिंग पर दिया जोर

ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया

थानखम्हरिया,

पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) श्री रामकृष्ण साहू (आईपीएस) ने रविवार को पुलिस कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए प्राप्त होने वाली प्रत्येक सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने, टीम भावना से कार्य करने तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने कंट्रोल रूम में संधारित अभिलेखों का अवलोकन किया और निर्देशित किया कि प्राप्त सभी सूचनाओं को तत्काल संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जाए तथा उन पर की गई कार्रवाई का विवरण लॉग बुक एवं निर्धारित रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। उन्होंने कहा कि आम जनता की शिकायतों एवं सूचनाओं को धैर्यपूर्वक सुनकर संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारी को तत्काल अवगत कराया जाए, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने अवैध शराब, जुआ, सट्टा, गांजा, मादक पदार्थों तथा अन्य अवैध गतिविधियों से संबंधित सूचनाओं के लिए पृथक रजिस्टर संधारित कर नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही थाना एवं चौकी प्रभारियों को वीआईपी एवं वीवीआईपी दौरों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, कार्यक्रमों की पूर्व तैयारी करने तथा असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखने के लिए कहा।

डीआईजी श्री साहू ने बीट प्रणाली को सुदृढ़ करने, नियमित क्षेत्र भ्रमण कर नागरिकों से संवाद बढ़ाने, निगरानी एवं सूचीबद्ध अपराधियों पर कड़ी नजर रखने तथा बीट पुस्तिका को नियमित रूप से अद्यतन करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि मजबूत बीट व्यवस्था से पुलिस और जनता के बीच विश्वास बढ़ेगा तथा अपराध नियंत्रण में प्रभावी सफलता मिलेगी।

उन्होंने कम्यूनिटी पुलिसिंग को बढ़ावा देने, सशक्त सूचना तंत्र विकसित करने, विजिबल पुलिसिंग एवं चेकिंग अभियान लगातार जारी रखने तथा सरप्राइज चेकिंग के माध्यम से वाहनों की सघन जांच करने के निर्देश दिए। इसके अलावा “सशक्त एप” के अधिकाधिक उपयोग, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई, बस स्टैंड, चौपाटी सहित भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नियमित जांच अभियान चलाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों, ठेला-गुमटी संचालकों एवं फेरीवालों का सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हरीश यादव, निरीक्षक कृष्णकांत सिंह, सोनल ग्वाला, चंद्रदेव वर्मा, दुलेश्वर चंद्रवंशी, सहायक उपनिरीक्षक दिलीप सिंह, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक सुरेन्द्र कुमार, सूरज प्रकाश, जितेन्द्र कुमार कश्यप सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here