ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया
थानखम्हरिया। नगर के शीतला मंदिर प्रांगण, भाठापारा में गुप्त नवरात्रि एवं शीतला जुड़वास के पावन अवसर पर 15 जुलाई से 23 जुलाई 2026 तक संगीतमय श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। आयोजन शीतला मंदिर समिति एवं समस्त नगरवासियों के सहयोग से संपन्न होगा।
कथा का वाचन कथा व्यास पं. अक्षय नारायण जी (थानखम्हरिया) द्वारा प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से किया जाएगा। आयोजन से पूर्व 15 जुलाई, बुधवार को कलश यात्रा, वेदी पूजन एवं गोकर्ण कथा के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा।
आयोजन समिति के अनुसार नौ दिवसीय कथा में प्रतिदिन भगवान श्रीकृष्ण एवं श्रीमद्भागवत से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा। कथा के दौरान परीक्षित जन्म, शुकदेव जन्म, शिव-सती प्रसंग, ध्रुव चरित्र, भरत चरित्र, प्रह्लाद चरित्र, गजेन्द्र मोक्ष, वामन अवतार, श्रीराम-कृष्ण जन्मोत्सव, नंदोत्सव, श्रीकृष्ण बाल लीलाएं, गोवर्धन पूजा, महारास, रुक्मिणी विवाह, सुदामा चरित्र तथा परीक्षित मोक्ष जैसे प्रसंग श्रद्धालुओं को सुनाए जाएंगे।
समापन दिवस 23 जुलाई, गुरुवार को गीतापाठ, तुलसी वर्षा, हवन, पूर्णाहुति एवं शीतला जुड़वास महोत्सव के साथ धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन होगा।
आयोजन समिति ने नगर एवं आसपास के समस्त श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कर धर्म लाभ लेने की अपील की है।




