ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया
थानखम्हरिया। दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल के अथक प्रयासों एवं सहयोग से पाटन विकासखंड के ग्राम औरी में लगभग साढ़े तीन एकड़ क्षेत्रफल में निर्मित अमृत सरोवर का भव्य लोकार्पण संपन्न हुआ। करीब तीन करोड़ लीटर जल संग्रहण क्षमता वाला यह अमृत सरोवर जल संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। सरोवर के तट पर स्थित दक्षिणमुखी श्री हनुमान मंदिर इस स्थल को आस्था, संस्कृति और विकास का आकर्षक केंद्र बना रहा है।
लोकार्पण समारोह के मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल रहे। कार्यक्रम में संजय बघेल, कीर्ति नायक, कमलेश वर्मा, नीलम चंद्राकर, कस्तूरी बंजारे, पवन शर्मा, तृप्ति चंद्राकर, भागचंद जैन, राजा पाठक, राजेश चंद्राकर, कमलेश चंद्राकर, दीपक चंद्राकर, संदीप चंद्राकर एवं ग्राम सरपंच कलेन्द्री मानिकपुरी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
लोकार्पण के बाद वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ वरुण पूजा महायज्ञ का आयोजन किया गया। सांसद विजय बघेल अपनी धर्मपत्नी रजनी बघेल, पुत्र सौरभ बघेल, पुत्रवधू पल्लवी बघेल, पुत्री प्रतीक्षा बघेल तथा दामाद अनंत उपाध्याय के साथ यज्ञ में शामिल हुए और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, उत्तम वर्षा तथा जनकल्याण की कामना की।
अपने संबोधन में सांसद विजय बघेल ने कहा कि ग्रामवासियों की वर्षों पुरानी मांग आज पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने पर शुरू की गई अमृत सरोवर योजना का उद्देश्य जल संरक्षण को बढ़ावा देना और गांवों को जल-संपन्न बनाना है। उन्होंने कहा कि पहले गांवों के तालाब ही जीवन और पेयजल का प्रमुख आधार होते थे। यह अमृत सरोवर आने वाली पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षा का मजबूत आधार बनेगा तथा ग्रामीणों को इसका दीर्घकालीन लाभ मिलेगा।
सांसद ने बताया कि ग्रामवासियों के सहयोग, जनप्रतिनिधियों की सहभागिता, संचेती फाउंडेशन (सेवा, समर्पण, सत्कर्म) एवं एसएमएस लिमिटेड (इम्प्लीमेंटिंग एजेंसी) के सहयोग से यह कार्य मात्र एक माह के रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया। उन्होंने कहा कि यदि यही कार्य पूरी तरह शासकीय प्रक्रिया से कराया जाता तो इसकी लागत एक करोड़ रुपये से अधिक आती। इस कार्य में लिलेश देशमुख, राघवेन्द्र, राजेश सिंह, भूपेंद्र यादव, अजय पाणीकर एवं देवेंद्र यादव सहित कई लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंत में ग्राम सरपंच कलेन्द्री मानिकपुरी ने सभी अतिथियों, सहयोगी संस्थाओं एवं ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित संस्था आर्टकॉम के “हर आंगन एक पेड़” अभियान के तहत संचालक निशु पाण्डेय एवं उनकी टीम ने अमृत सरोवर परिसर में वृक्षारोपण किया। इसके बाद सांसद विजय बघेल एवं ग्राम के जनप्रतिनिधियों ने मुक्तिधाम परिसर में पीपल, बरगद, नीम एवं आम के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम में राजेश वर्मा, पन्ना चंद्राकर, सचिन चंद्राकर, राजू साहू, चेतन चंद्राकर, कमलेश साहू, चंचल यादव, अजीत चंद्राकर, कुलदीप बैसवाड़े, डॉ. आलोक पाल, राजू सोनकर, शुभम शर्मा, अरविंद पाल, गोपाल कृष्ण वर्मा, राजकुमार चंद्राकर, रामकुमार धनकर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




