ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया
थानखम्हरिया। बेमेतरा जिले के नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक श्री त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों के साथ परिचयात्मक बैठक कर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने सभी पत्रकारों से परिचय प्राप्त किया तथा जिले में प्रभावी पुलिस व्यवस्था के लिए मीडिया के सहयोग की अपेक्षा जताई।
बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री त्रिलोक बंसल ने कहा कि जनता की सुरक्षा, विश्वास और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय से आमजन तक सही जानकारी पहुंचेगी तथा अपराध नियंत्रण और जनहित के कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि बेमेतरा एक शांतिपूर्ण जिला है और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए पुलिस टीम पूरी प्रतिबद्धता के साथ शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए कार्य करेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि पुलिस के सामने समय-समय पर नई चुनौतियां आती रहती हैं, जिनका प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी निराकरण किया जाएगा।
चर्चा के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों ने जिले से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों, कानून-व्यवस्था तथा स्थानीय समस्याओं से पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया। इस पर श्री बंसल ने सभी सुझावों पर गंभीरतापूर्वक विचार करने का आश्वासन देते हुए कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और उसके सकारात्मक सुझाव पुलिस व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने भविष्य में भी पुलिस और मीडिया के बीच सकारात्मक संवाद एवं सहयोग बनाए रखने की बात कही, जिससे आमजन को बेहतर एवं पारदर्शी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हरीश कुमार यादव, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्री राजेश कुमार झा सहित जिले के विभिन्न प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया संस्थानों के जिला ब्यूरो प्रमुख एवं पत्रकार उपस्थित रहे।




