ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया
थान खमरिया। सपाद लक्षेश्वरधाम, सलधा (जिला बेमेतरा) में आयोजित होने वाले दिव्य भव्य चातुर्मास व्रत अनुष्ठान महोत्सव की तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। मानस संघ साजा के तत्वावधान में स्वयंसेवक नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में घर-घर जाकर श्रद्धालुओं को आमंत्रण पत्र वितरित कर चातुर्मास महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं।
आयोजकों ने बताया कि भारतीय संस्कृति में संन्यास आश्रम को अत्यंत आदरणीय स्थान प्राप्त है। सनातन परंपरा के अनुसार चातुर्मास के दौरान संत-महात्मा एक ही स्थान पर निवास कर श्रद्धालुओं को दर्शन, पूजन, भिक्षा, जिज्ञासा समाधान एवं आध्यात्मिक प्रवचनों के माध्यम से धर्मलाभ प्रदान करते हैं।

महोत्सव के दौरान जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी मुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज श्रद्धालुओं को अपने दिव्य प्रवचनों से लाभान्वित करेंगे तथा पूरे चातुर्मास में दर्शन देंगे। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है तथा बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के भोजन एवं ठहरने की समुचित व्यवस्था भी की जा रही है।
आयोजन की तैयारियों का मार्गदर्शन दंडी स्वामी श्रीमद् ज्योतिर्मयानंद सरस्वती जी महाराज कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। उनके अनुयायी एवं श्रद्धालु सवा लाख शिवलिंग स्थापना तथा भव्य सपाद लक्षेश्वर धाम मंदिर निर्माण के संकल्प को पूर्ण करने के लिए पूरे समर्पण के साथ जुटे हुए हैं। आयोजकों के अनुसार यहां श्रद्धालुओं को एक साथ सवा लाख शिवलिंगों के दर्शन का दुर्लभ सौभाग्य प्राप्त होगा।
स्वामी जी ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है। दिव्य भव्य चातुर्मास व्रत अनुष्ठान महोत्सव 29 जुलाई से 26 सितंबर तक सपाद लक्षेश्वरधाम, सलधा में आयोजित किया जाएगा।




