महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप और उससे जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच में ईडी ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। टीवी होस्ट और स्पोर्ट्स एंकर शेफाली बग्गा को लगातार दूसरे दिन रायपुर स्थित ईडी के जोनल कार्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया गया।
महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप और उससे जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में टीवी होस्ट और स्पोर्ट्स एंकर शेफाली बग्गा को लगातार दूसरे दिन रायपुर स्थित ईडी के जोनल कार्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया गया। एजेंसी शुक्रवार को भी उनसे कई अहम पहलुओं पर विस्तार से पूछताछ कर रही है। इससे पहले गुरुवार को उनसे करीब पांच से छह घंटे तक सवाल-जवाब किए गए थे।
जांच का एक अहम पहलू महादेव नेटवर्क से जुड़े बताए जा रहे खंजन जगदीश कुमार ठक्कर के साथ उनके संभावित संबंध हैं। ईडी का दावा है कि ठक्कर कथित हवाला नेटवर्क का प्रमुख संचालक रहा है। एजेंसी दोनों के बीच संपर्क, आर्थिक लेन-देन और विदेशी नेटवर्क से जुड़े संभावित लिंक की जांच कर रही है।
ईडी यह भी खंगाल रही है कि दुबई और लंदन से संचालित बताए जा रहे ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म के प्रचार में शेफाली बग्गा की कोई भूमिका रही या नहीं। साथ ही यह भी जांच का विषय है कि विदेशी संचालकों और भारत में प्रचार करने वाले लोगों के बीच किसी प्रकार का आर्थिक या डिजिटल संबंध था या नहीं।



