छत्तीसगढ़ में मानसून फिर से एक्टिव हो गया है। बिलासपुर में हो रही लगातार बारिश से नेशनल हाईवे पर जलभराव हो गया है। सड़कों के ऊपर 4 से 5 फीट तक पानी बह रहा है, जिससे इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है। कोटमीसोनार में लीलागर नदी के पुल के ऊपर से पानी बह रहा है।
बिलासपुर में श्रीकांत वर्मा मार्ग, हंसा विहार, मित्र विहार, सरकंडा के बंधवापारा, जोरापारा और शिवम होम्स समेत कई इलाकों की सड़कों और घरों में पानी भर गया। हालात को देखते हुए बिलासपुर जिले के स्कूलों में आज छुट्टी कर दी गई है। रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से 5 मेमू ट्रेनें रद्द कर दी गई है। 3 के रूट बदले गए हैं।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर 5 फीट पानी: बिलासपुर-मस्तूरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है। कई स्थानों पर सड़क के ऊपर लगभग 4 से 5 फीट तक पानी बह रहा है। इससे इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है।
बरसात में सर्पदंश के केस बढ़े: बरसात के दौरान सर्पदंश के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जिला अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में पॉलीवैलेंट एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध कराया है। प्रदेश में 1,00,960 वायल एंटी स्नेक वेनम मौजूद हैं। रायगढ़-6401, बलरामपुर -6280, जशपुर-6063, सूरजपुर- 6002 और कोरबा (4847) सहित जरूरत के अनुसार स्टॉक उपलब्ध है।




