Home छत्तीसगढ़ शेफाली बग्गा बोलीं- पापा संभालते थे सट्टा प्रमोशन की डील्स

शेफाली बग्गा बोलीं- पापा संभालते थे सट्टा प्रमोशन की डील्स

13
0

रायपुर : महादेव ऑनलाइन बेटिंग से जुड़े मामले में ईडी ने टीवी होस्ट शेफाली बग्गा से दूसरे दिन भी पूछताछ की। शेफाली ने बताया कि सट्टा ऐप प्रमोशन की डील्स पापा संभालते थे। ईडी अब ने उनके पिता और भाई को भी समन जारी किया है। जांच एजेंसी ने अवैध बेटिंग ऐप्स के प्रमोशन, घर से मिले 30 लाख नकद, विदेश यात्राओं और महादेव सिंडिकेट से कथित संबंधों को लेकर कई घंटे तक सवाल-जवाब किए। यह पूछताछ 30 मई को दिल्ली स्थित शेफाली बग्गा के घर पर हुई छापेमारी के बाद शुरू हुई जांच का हिस्सा है।
ईडी का दावा है कि जब्त की गई रकम अवैध बेटिंग ऐप्स के प्रमोशन से हुई कमाई का हिस्सा हो सकती है। जांच एजेंसी के अनुसार, पूछताछ के दौरान शेफाली बग्गा ने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए बेटिंग ऐप्स का प्रचार किया था। एजेंसी का आरोप है कि उन्हें यह जानकारी थी कि ऐसे ऐप्स का प्रचार कानून के दायरे में सवालों के घेरे में है, इसके बावजूद प्रमोशनल गतिविधियां जारी रहीं।
पूछताछ के दौरान शेफाली बग्गा ने कथित तौर पर बताया कि बेटिंग ऐप्स के प्रमोशन से जुड़ी डील, भुगतान और अन्य व्यवस्थाएं उनके पिता विपिन बग्गा देखते थे। ईडी के मुताबिक, एंडोर्समेंट से जुड़े समझौते, कैश भुगतान लेना और उस रकम के उपयोग से जुड़े फैसले भी उनके पिता ही करते थे। एजेंसी अब इस पैसे के स्रोत और उपयोग की जांच कर रही है। जांच एजेंसी ने शेफाली बग्गा के साथ उनके पिता विपिन बग्गा और भाई शिवांश बग्गा को भी समन जारी किया है।
अधिकारियों के अनुसार, शेफाली शुरुआती तीन समन पर पेश नहीं हुई थीं, लेकिन अब दो दिन से पूछताछ में शामिल हो रही हैं। वहीं, उनके पिता और भाई अभी तक ईडी के सामने पेश नहीं हुए हैं। जांच में सोशल मीडिया गतिविधियां भी शामिल हैं। एजेंसी के अनुसार, शेफाली बग्गा के इंस्टाग्राम पर करीब 58 लाख फॉलोअर्स हैं। जांच एजेंसी का आरोप है कि इंस्टाग्राम के जरिए लोगों को एक टेलीग्राम चैनल पर भेजा जाता था, जहां हजारों सदस्य जुड़े हुए थे। इस चैनल पर कथित रूप से बेटिंग से जुड़ी जानकारी, टिप्स और ऐप्स के लिंक साझा किए जाते थे।
ईडी का आरोप है कि प्रचार सामग्री में लोगों को भरोसा दिलाया जाता था कि बेटिंग से होने वाली कमाई पर सरकारी एजेंसियां या आयकर विभाग कार्रवाई नहीं कर पाएंगे। जांच एजेंसी का कहना है कि ऐसे दावों के जरिए लोगों को ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म से जोड़ने की कोशिश की जाती थी। पूछताछ के दौरान ED ने शेफाली बग्गा से महादेव सिंडिकेट के कथित सदस्यों से संबंधों को लेकर भी सवाल किए। एजेंसी का दावा है कि उनका नाम महादेव नेटवर्क से जुड़े कुछ लोगों और कथित हवाला ऑपरेटरों के संपर्क में आने के संदर्भ में सामने आया है। इसी कड़ी में उनसे विभिन्न मुलाकातों और संपर्कों के बारे में जानकारी ली गई।
ईडी ने शेफाली बग्गा से उनकी विदेश यात्राओं के बारे में भी पूछताछ की। एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दुबई और लंदन की यात्राओं के दौरान उनकी किन लोगों से मुलाकात हुई और इन यात्राओं का खर्च किसने उठाया। इसके अलावा जांच एजेंसी यह भी पता कर रही है कि कहीं कथित हवाला नेटवर्क के जरिए कोई आर्थिक लेन-देन तो नहीं हुआ। ईडी अब यह भी जांच रही है कि बेटिंग ऐप्स के प्रचार के बदले मिलने वाला भुगतान किस तरह किया जाता था। एजेंसी बैंक खातों से हुए लेन-देन, परिवार के अन्य सदस्यों को भेजी गई रकम और नकद भुगतान के स्रोत की पड़ताल कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here