देहरादून । उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और मौसम विभाग की ओर से जारी रेड एवं ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर प्रशासन ने चारधाम यात्रा को एहतियातन अस्थायी रूप से रोक दिया है। कई स्थानों पर भूस्खलन और सड़कें बाधित होने की सूचना मिलने के बाद यह निर्णय यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया।
प्रशासन के अनुसार, चारधाम यात्रा मार्ग पर हालात की लगातार निगरानी की जा रही है। जिन स्थानों पर रास्ते प्रभावित हुए हैं, वहां राहत एवं सड़क बहाली का कार्य तेज़ी से जारी है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मार्ग में फंसे श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया जाए और उन्हें भोजन, चिकित्सा तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
गढ़वाल मंडल प्रशासन ने सभी संबंधित जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मौसम सामान्य होने और मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही यात्रियों को आगे बढऩे की अनुमति दी जाए। साथ ही, यात्रा से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियां समय-समय पर आधिकारिक माध्यमों से साझा करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर भरोसा न करें और केवल सरकारी विभागों द्वारा जारी आधिकारिक सूचना का ही पालन करें। मौसम और सड़क की स्थिति सामान्य होने तक यात्रा से जुड़े सभी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
अधिकारियों का कहना है कि परिस्थितियों में सुधार होते ही चारधाम यात्रा को दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और प्रभावित मार्गों को जल्द से जल्द सुचारु बनाना है।
00




