ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया कबीरधाम जिले के विकासखंड लोहारा अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल गौरमाटी में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं का सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी (HPV) टीकाकरण सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। यह टीकाकरण पालकों की सहमति से निःशुल्क किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखना तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना था। स्वास्थ्य विभाग एवं विद्यालय प्रबंधन के समन्वय से आयोजित इस अभियान में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानीवीरपुर से चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऋतिका सोनवानी, सेक्टर सुपरवाइजर श्रीमती विमला प्रजापति, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी कु. धनेश्वरी साहू एवं आरएचओएम टेकलाल सिन्ह्राम विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने छात्राओं को टीकाकरण के महत्व एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी भी प्रदान की।
विद्यालय की ओर से प्राचार्य श्री कृष्ण कुमार वर्मा सहित समस्त शिक्षकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया। प्राचार्य श्री वर्मा ने बताया कि विद्यालय में समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर, टीकाकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया।




