ब्यूरो चीफ: अनिल सिंघानिया
थानखम्हरिया। ग्राम पद्मी में अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व विभाग की टीम को शनिवार को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रशासन अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में भेदभावपूर्ण रवैया अपना रहा है। उनका कहना है कि ग्राम सभा द्वारा छह माह पूर्व खेल मैदान के लिए प्रस्तावित शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने संबंधी शिकायत पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई, जबकि दूसरी ओर कुछ लोगों की शिकायत पर बिना पूर्व सूचना और नोटिस के बड़ी संख्या में ग्रामीणों के खिलाफ कार्रवाई करने राजस्व टीम गांव पहुंच गई।

जानकारी के अनुसार पटवारी, राजस्व निरीक्षक एवं कोटवारों का दल अतिक्रमण संबंधी शिकायत की जांच और कार्रवाई के लिए ग्राम पद्मी पहुंचा था। टीम के पहुंचते ही सरपंच, पंचों और ग्रामीणों ने पंचायत भवन में अधिकारियों से चर्चा करते हुए नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना था कि ग्राम सभा के प्रस्ताव पर आधारित शिकायत को लगातार नजरअंदाज किया गया, जबकि दूसरी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
सरपंच प्रतिनिधि सोनू कुमार सिन्हा ने बताया कि खेल मैदान के लिए प्रस्तावित शासकीय भूमि पर कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है। इस संबंध में कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद प्रशासन ने कोई कदम नहीं उठाया। उनका कहना है कि समय पर कार्रवाई नहीं होने से अन्य लोग भी शासकीय भूमि पर अतिक्रमण करने का साहस कर रहे हैं, जिससे गांव में आए दिन विवाद की स्थिति बन रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि सभी मामलों में समान और निष्पक्ष कार्रवाई की जाए तथा ग्राम सभा की शिकायत पर भी शीघ्र अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाए।
इस संबंध में राजस्व विभाग का पक्ष जानने के लिए तहसीलदार सरिता मढ़रिया एवं नायब तहसीलदार मोरध्वज साहू से मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक दोनों अधिकारियों से संपर्क नहीं हो सका।




