बड़े भाग्य से मनुष्य जीवन मिलता है – पं. संतोषी लाल पाराशर
ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया । गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर थान खम्हरिया में परम पूज्य गुरुदेव पंडित संतोषी लाल पाराशर के सान्निध्य में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन अशोक अग्रवाल एवं श्रीमती गीता अग्रवाल के निवास पर संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गुरुदेव के चरणों में वंदना कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
अपने आशीर्वचन में गुरुदेव पं. संतोषी लाल पाराशर ने कहा कि “बड़े भाग्य से मनुष्य जीवन मिलता है।” उन्होंने कहा कि भगवान दिखावे से नहीं, बल्कि सच्चे प्रेम, श्रद्धा और निष्कपट भाव से प्रसन्न होते हैं। भजन, सत्संग और गुरु की शरण ही मनुष्य के आत्मिक उत्थान का सर्वोत्तम मार्ग है।

उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में गुरु पूर्णिमा का विशेष महत्व है। यह महर्षि वेदव्यास की जयंती होने के साथ-साथ गुरु के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का पर्व है। गुरु का आशीर्वाद शिष्य के जीवन को मंगलमय बनाता है और उसे जीवन के संकटों से उबारकर सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। इसलिए प्रत्येक शिष्य को गुरु का पूजन कर उनका आशीर्वाद अवश्य प्राप्त करना चाहिए।
गुरुदेव ने भजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित रूप से भगवान का भजन एवं गुणगान करने से मन को शांति मिलती है, चिंता दूर होती है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। ईश्वर का स्मरण हमारी चेतना को शुद्ध कर आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त करता है।
कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुदेव के पूजन-अर्चन, पुष्पमाला एवं अभिनंदन से हुआ। उपस्थित श्रद्धालुओं ने अपनी श्रद्धा एवं सामर्थ्य अनुसार गुरुदेव को भेंट अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। रायपुर, नेवरा एवं झांसी सहित विभिन्न स्थानों से आए शिष्य भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
इसके पश्चात लगभग दो घंटे तक भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें पुरुषोत्तम अग्रवाल एवं नैतिक अग्रवाल ने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। अंत में आयोजित भंडारे में सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से गणेश लाल अग्रवाल, सुरेश सिंघानिया, ओम अग्रवाल, अनिल सिंघानिया, निखिल अग्रवाल, नरेश सिंघानिया, राजेश सिंघानिया, रामकुमार अग्रवाल, साकेत अग्रवाल, गोपी अग्रवाल, नर्सिंग केड़िया, श्रवण केड़िया, राजकुमार अग्रवाल, डॉ. गोविंद शर्मा, डॉ. आर.पी. शर्मा, संजय सिंघानिया, प्रवीण सिंघानिया, गिरिराज अग्रवाल, चीकू अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।




