बारिश ने कटघोरा-जटगा-पसान मार्ग की बदहाली को और उजागर कर दिया है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों में वाहन फंस रहे हैं और रोजाना लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं। बुधवार को एक ऑटो पलट गया और यात्री बस भी दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बची।
कटघोरा से जटगा होते हुए पसान तक जाने वाला मार्ग इन दिनों पूरी तरह जर्जर हो चुका है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे और बारिश का पानी आम लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। आए दिन हो रहे हादसों के बावजूद सड़क की मरम्मत शुरू नहीं होने से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है।
मंगलवार को पसान बस स्टैंड के पास एक बाइक सवार पानी से भरे गड्ढे में गिर गया। हादसे में उसे गंभीर चोट तो नहीं आई लेकिन उसका मोबाइल गड्ढे में गिर गया। आसपास मौजूद लोगों ने काफी मशक्कत के बाद मोबाइल निकालकर उसे वापस किया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इस मार्ग पर ऐसे छोटे-बड़े हादसे लगभग रोज हो रहे हैं।स्थानीय लोगों के अनुसार जटगा से पसान तक करीब 15 किलोमीटर लंबा मार्ग पूरी तरह बदहाल है। इस सड़क पर 24 घंटे भारी वाहनों की आवाजाही रहती है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दोपहिया वाहन चालक अक्सर हादसे का शिकार हो जाते हैं। बुधवार को हल्की बारिश के दौरान यात्रियों से भरा एक ऑटो गड्ढे में असंतुलित होकर पलट गया। संयोगवश किसी को गंभीर चोट नहीं आई। वहीं कोरबा से पेंड्रा जा रही एक यात्री बस भी गड्ढा पार करते समय पलटने से बाल-बाल बच गई।