Home छत्तीसगढ़ नशा सामाजिक बुराई, युवा नशे से दूर रहकर विकसित भारत का सपना...

नशा सामाजिक बुराई, युवा नशे से दूर रहकर विकसित भारत का सपना करें साकार : मंत्री दयाल दास बघेल

11
0

नशा मुक्ति संकल्प अभियान का शुभारंभ, खिलाड़ियों का सम्मान एवं दिव्यांगजनों को बैटरी ट्राइसाइकिल वितरित

ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया

थान खम्हरिया,  खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि नशा एक सामाजिक बुराई है और युवा नशे से दूर रहकर ही विकसित भारत के सपने को साकार कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि युवा देश की रीढ़ और भविष्य हैं। युवा शक्ति में भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की क्षमता है, इसलिए युवाओं को अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगानी चाहिए।

मंत्री श्री बघेल ने कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य को संवारने के लिए लगातार कार्य कर रही है, लेकिन नशे की लत इस प्रयास को कमजोर कर देती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर उन्नत, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।

युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति : विधायक दीपेश साहू

विधायक दीपेश साहू ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति, पूंजी और उम्मीद होते हैं। उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार को प्रभावित करता है। यह युवाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, खेल और भविष्य को नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने युवाओं से अपने जीवन के लक्ष्य पर केंद्रित रहने तथा गांव, मोहल्ले, विद्यालय और महाविद्यालयों में नशा मुक्ति का वातावरण बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि सभी युवा संकल्प लें कि नशे के बजाय शिक्षा, रोजगार, खेल और स्वस्थ जीवन को अपनाएंगे तथा कम से कम दस अन्य लोगों को भी नशा मुक्ति के लिए प्रेरित करेंगे।

नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की नींव : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत” संकल्प अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने देश के युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए नशामुक्त युवा आवश्यक हैं। उन्होंने इस अभियान में देशभर के युवाओं से सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश : कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं

कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने कहा कि नशापान जैसी कुरीतियों से समाज को दूर ले जाकर ही राष्ट्र निर्माण में सार्थक योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नशे की गिरफ्त में आने वाले युवाओं को जागरूक कर मुख्यधारा से जोड़ा जाए तथा जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किया जाए।

कार्यक्रम में मंत्री दयाल दास बघेल ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। इस दौरान जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों का सम्मान किया गया तथा समाज कल्याण विभाग द्वारा तीन दिव्यांगजनों को बैटरी चालित ट्राइसाइकिल वितरित की गई। स्कूली विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ रजककार बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक, तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू, नगर पालिका परिषद बेमेतरा के अध्यक्ष विजय सिन्हा, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि अजय साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, स्कूली एवं महाविद्यालयीन छात्र-छात्राएं तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here