Home छत्तीसगढ़ 30 वर्षों बाद रोमानिया पहुंची भारतीय राष्ट्रपति, ऐतिहासिक प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा बने...

30 वर्षों बाद रोमानिया पहुंची भारतीय राष्ट्रपति, ऐतिहासिक प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा बने सांसद विजय बघेल

29
0

विदेश यात्रा से लौटने पर हजारों कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत, बोले— भारत के लिए व्यापार, निवेश, शिक्षा और रणनीतिक सहयोग के खुलेंगे नए द्वार

ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया

थान खम्हरिया। दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री विजय बघेल के महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के नेतृत्व में यूरोप के तीन देशों—मोल्दोवा, उत्तर मैसेडोनिया एवं रोमानिया—की ऐतिहासिक राजकीय यात्रा से लौटने पर छत्तीसगढ़ आगमन पर उनका भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया गया। रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं समर्थक उपस्थित रहे। सभी ने पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और जयघोष के साथ सांसद का आत्मीय अभिनंदन किया।

एयरपोर्ट से सांसद श्री विजय बघेल के निवास तक निकाली गई स्वागत रैली का मार्ग में विभिन्न स्थानों पर नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर उनके सम्मान में उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया।

सांसद निवास पर साजा विधायक श्री ईश्वर साहू, विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, महापौर श्रीमती अल्का वाघमारे, श्री प्रीतपाल बेलचंदानी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री सुरेन्द्र कौशिक, श्री पुरुषोत्तम देवांगन सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

इस अवसर पर सांसद श्री विजय बघेल ने कहा कि महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल में शामिल होकर तीन देशों की राजकीय यात्रा करना उनके सार्वजनिक जीवन का अत्यंत गौरवपूर्ण क्षण रहा। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान व्यापार, निवेश, शिक्षा, प्रौद्योगिकी, सांस्कृतिक आदान-प्रदान तथा रणनीतिक सहयोग सहित अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर उच्चस्तरीय चर्चा हुई, जिससे भारत और इन देशों के बीच संबंध और अधिक मजबूत होंगे।

उन्होंने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध के कठिन समय में इन देशों ने भारतीय विद्यार्थियों, विशेषकर मेडिकल शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्रों की सहायता कर मानवीय संवेदनाओं का परिचय दिया। यही आत्मीयता आज भारत और इन देशों के बीच मजबूत संबंधों की आधारशिला बन रही है।

सांसद श्री विजय बघेल ने बताया कि यह यात्रा कई मायनों में ऐतिहासिक रही। लगभग 30 वर्षों बाद किसी भारतीय राष्ट्रपति ने रोमानिया की राजकीय यात्रा की, जबकि मोल्दोवा की यात्रा करने वाली श्रीमती द्रौपदी मुर्मू पहली भारतीय राष्ट्रपति बनीं। उन्होंने बताया कि लोकसभा से तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल इस यात्रा में शामिल था। प्रतिनिधिमंडल में उनके साथ उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्यमंत्री श्रीमती निमुबेन जयंतीभाई बांभणिया, राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा सहित अन्य प्रतिनिधि भी शामिल रहे।

सांसद श्री विजय बघेल ने विश्वास व्यक्त किया कि इस ऐतिहासिक विदेश यात्रा से भारत को व्यापार, निवेश, शिक्षा, प्रौद्योगिकी, सांस्कृतिक आदान-प्रदान तथा रणनीतिक सहयोग के क्षेत्रों में दीर्घकालिक लाभ मिलेगा और वैश्विक मंच पर भारत की प्रतिष्ठा और अधिक सुदृढ़ होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here