मामले में अब तक 18 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं, गिरफ्तारी के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए भास्कर मुदलियार को छह वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया।
भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से करोड़ों रुपये के लौह स्क्रैप चोरी मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भाजपा के वैशाली नगर मंडल के कोषाध्यक्ष और स्क्रैप कारोबारी भास्कर मुदलियार को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के कुछ ही समय बाद भाजपा ने भी अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया।
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी चोरी का स्क्रैप 34 से 38 रुपये प्रति किलो की दर से खरीदता था। शुरुआती दौर में चोरी का माल अलग-अलग कबाड़ियों को बेचा जाता था, लेकिन बाद में बड़ी मात्रा में पूरा स्क्रैप उसी के पास पहुंचने लगा। जांच में जामुल स्थित उसकी स्क्रैप ट्रेडिंग कंपनी और गोदाम की भी जानकारी मिली है, जहां से चोरी के माल की आगे सप्लाई किए जाने की आशंका है। पुलिस का मानना है कि चोरी का स्क्रैप रायपुर की एक बड़ी कंपनी समेत अन्य स्थानों तक भेजा गया। यह भी जांच की जा रही है कि कहीं यह नेटवर्क दूसरे राज्यों तक तो नहीं फैला था।




