बेमेतरा पुलिस ने 77 दिनों तक बिना अनुमति ड्यूटी से गायब रहने वाले आरक्षक विवेक पोद्दार को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। विभागीय जांच में आरोप सिद्ध होने के बाद एसपी त्रिलोक बंसल ने कार्रवाई करते हुए अनुपस्थिति की अवधि को ‘कार्य नहीं, वेतन नहीं’ के सिद्धांत के तहत अवैतनिक घोषित किया।पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता के खिलाफ सख्त संदेश देते हुए बेमेतरा पुलिस ने 77 दिनों तक बिना अनुमति ड्यूटी से गायब रहने वाले आरक्षक विवेक पोद्दार को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। विभागीय जांच में आरोप सिद्ध होने के बाद एसपी त्रिलोक बंसल ने बर्खास्तगी का आदेश जारी किया। साथ ही अनुपस्थिति की पूरी अवधि को ‘कार्य नहीं, वेतन नहीं’ के सिद्धांत के तहत अवैतनिक घोषित किया गया है।
पुलिस विभाग के अनुसार आरक्षक विवेक पोद्दार की ड्यूटी 3 जून 2025 को बंदी पेशी के लिए लगाई गई थी, लेकिन वह उसी दिन से बिना किसी सक्षम अनुमति और बिना विभाग को विधिवत सूचना दिए ड्यूटी से अनुपस्थित हो गया। वह 3 जून से 18 अगस्त 2025 तक लगातार 77 दिनों तक ड्यूटी पर नहीं लौटा। इस दौरान विभाग ने कई बार नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा और ड्यूटी पर उपस्थित होने के निर्देश दिए, लेकिन उसने संतोषजनक जवाब नहीं दिया।
विभागीय जांच के दौरान आरक्षक को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर दिया गया, लेकिन उपलब्ध साक्ष्यों, दस्तावेजों और सेवा अभिलेखों के आधार पर आरोप प्रमाणित पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि उसका पूर्व सेवा रिकॉर्ड भी अनुशासनहीनता से जुड़ा रहा है।