ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थान खमरिया। नगर के शिव सरोवर के समीप स्थित पंचवटी सरोवर शिव मंदिर में सावन मास के पावन अवसर पर भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक एवं रुद्राभिषेक किया गया। इस दौरान मुख्य यजमान रवि शंकर चंचल कुंजाम ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं रुद्राभिषेक कराया।
रुद्राभिषेक के दौरान भगवान शिव का जल, दूध, दही, शहद एवं घी से अभिषेक किया गया। इसके बाद बेलपत्र एवं पुष्प अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। पूजा के पश्चात श्रद्धालुओं को फल एवं प्रसाद का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत एल्डरमेन अनिल सिंघानिया का तिलक लगाकर एवं दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया गया।
आचार्य पंडित सोनू तिवारी ने विधि-विधान से शिव अभिषेक एवं रुद्राभिषेक संपन्न कराया। उन्होंने बताया कि शिवलिंग का अभिषेक एवं पूजा भगवान शिव के रुद्र स्वरूप की आराधना है। भगवान शिव ब्रह्मांड का प्रतिनिधित्व करते हैं तथा उनकी आराधना से पापों एवं नकारात्मकता का नाश होता है और जीवन में शांति, समृद्धि एवं सुख की प्राप्ति होती है।
मंदिर का देखरेख कार्य महेश शर्मा द्वारा किया जाता है। इस अवसर पर पंडित कमलेश शर्मा ने पूजा-अर्चना में सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम में हिमांशु देवांगन, चंदन देवांगन सहित मोहल्ले के श्रद्धालु, महिलाएं एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।




