ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया। नगर पंचायत कुरा, रायपुर निवासी समाजसेवी एवं धार्मिक प्रवृत्ति के मिलनसार व्यक्तित्व श्री कांतिलाल अग्रवाल, पिता श्री मालचंद जी अग्रवाल का निधन हो गया। उनके निधन से नगर एवं अग्रवाल समाज में शोक की लहर है।
कांतिलाल अग्रवाल सहज, सरल एवं व्यवहारिक व्यक्तित्व के धनी थे। वे धार्मिक प्रवृत्ति के साथ मानव कल्याण के कार्यों में सदैव तत्पर रहते थे तथा नगर और समाज से जुड़े विभिन्न कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाते थे। वे लोगों के सुख-दुख में हमेशा सहभागी रहते थे। पिछले कुछ महीनों से अस्वस्थ चल रहे कांतिलाल अग्रवाल का एमएमआई अस्पताल में निधन हुआ।
उनकी अंतिम यात्रा गुरुवार 13 अगस्त को दोपहर 1:30 बजे निकाली गई। नगर पंचायत कुरा स्थित मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु, जनप्रतिनिधि एवं नगरवासी उपस्थित रहे और उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व सांसद छाया वर्मा एवं विधायक अनुज शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने कांतिलाल अग्रवाल को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुक्तिधाम में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से कामना की।
कांतिलाल अग्रवाल अपने पीछे सुपुत्र अमित गोयल, सुमित गोयल एवं नमित गोयल सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके भाई रघुनंदन, श्याम सुंदर, दुर्गेश, मदन एवं कमलेश तथा समस्त अग्रवाल एवं गोयल परिवार ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।




