ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया। खम्हरिया स्थित श्री कृष्णा पब्लिक स्कूल में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, गरिमा एवं देशभक्ति के वातावरण में भव्य रूप से सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री डी. आर. भूवार्य सर, सेवानिवृत्त प्राचार्य, कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय थान खम्हरिया; श्री अशोक सिंह राजपूत सर, सेवानिवृत्त प्राचार्य, हाई स्कूल सैगोना; श्री के.आर. साहू सर, सेवानिवृत्त प्राध्यापक एवं श्रीमती भारती हरिश निर्मलकर जी, पार्षद, वार्ड क्रमांक 05 के कर-कमलों द्वारा ध्वजारोहण के साथ किया गया। राष्ट्रगान के दौरान पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना से ओत-प्रोत नजर आया।
इस अवसर पर विद्यालय के सम्माननीय अभिभावकगण, गणमान्य नागरिक, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। अतिथियों एवं अभिभावकों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा और बढ़ा दी।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, भाषण, कविताएं एवं मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं राष्ट्रनायकों की वेशभूषा में दी गई प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं और उपस्थित अतिथियों ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।
सेवानिवृत्त प्राचार्यों की गरिमामयी उपस्थिति एवं उनके द्वारा ध्वजारोहण किया जाना विद्यालय परिवार के लिए गौरव का क्षण रहा। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता के महत्व, राष्ट्रप्रेम, अनुशासन तथा अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
विद्यालय की प्राचार्या महोदया ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस प्रकार हमारे सम्माननीय प्राचार्य महोदय ने अपने जीवन के अमूल्य 62 वर्ष समाज को जागरूक करने में समर्पित किए, उसी प्रकार हमें भी अपने जीवन में निरंतर आगे बढ़ते हुए समाज एवं जरूरतमंद लोगों की मदद करते रहना चाहिए। स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की एकता, अखंडता एवं गौरव को सदैव बनाए रखने का आह्वान किया।
समारोह का समापन राष्ट्रप्रेम एवं उत्साह से भरे वातावरण में हुआ। उपस्थित अभिभावकों एवं गणमान्यजनों ने विद्यालय द्वारा आयोजित भव्य एवं सुव्यवस्थित कार्यक्रम की सराहना की।
इस प्रकार श्री कृष्णा पब्लिक स्कूल का स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, संस्कार, सम्मान और उत्साह का संदेश देते हुए सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।




