Home छत्तीसगढ़ विधायक ईश्वर साहू की कांवड़ यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, पूर्व विधायक लाभचंद...

विधायक ईश्वर साहू की कांवड़ यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, पूर्व विधायक लाभचंद बाफना भी हुए शामिल

42
0

 

ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया

थान खम्हरिया। सावन मास के पावन अवसर पर साजा विधानसभा क्षेत्र में विधायक ईश्वर साहू के नेतृत्व में भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा में करीब 500 कांवड़ यात्री एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। पूर्व विधायक एवं संसदीय सचिव लाभचंद बाफना ने भी कांवड़ यात्रियों के साथ यात्रा में शामिल होकर भगवान भोलेनाथ को जल अर्पित किया।

कांवड़ यात्रा की शुरुआत साजा स्थित महामाया मंदिर एवं रामजानकी मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुई। विधायक ईश्वर साहू ने विधिवत पूजा कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद श्रद्धालु उद्गम स्थल से जल लेकर ग्राम दही स्थित भगवान भोलेनाथ के मंदिर में जल अर्पित करने के लिए रवाना हुए।

यात्रा में साजा विधानसभा क्षेत्र के खमरिया मंडल, साजा मंडल, परपोड़ी मंडल, बेरला मंडल एवं धमधा मंडल के भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। कांवड़ यात्रियों का जगह-जगह ग्रामीणों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पुष्पवर्षा, ढोल-नगाड़ों और बाजे-गाजे के साथ भव्य स्वागत किया गया। डीजे की धुन और भजनों से पूरा मार्ग भक्तिमय नजर आया।

ग्राम घोटवानी पहुंचने पर भी स्थानीय लोगों ने कांवड़ यात्रियों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं के स्वागत से माहौल भक्तिमय बना रहा। भगवान भोलेनाथ के प्रति आस्था और मजबूत संकल्प के साथ कांवड़ यात्रा लगातार आगे बढ़ती रही।

पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम रही मुस्तैद

कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीम भी यात्रा के साथ लगातार चलती रही। पुलिस जवानों ने यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था संभाली, वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं का ध्यान रखा। दोनों विभागों की टीमों का सक्रिय सहयोग एवं तत्परता सराहनीय रही।

इस अवसर पर विधायक ईश्वर साहू ने कहा कि कांवड़ यात्रा शिव भक्ति के साथ-साथ जीवन में अनुशासन, सामाजिक समरसता और सनातन संस्कृति का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ की कृपा से सभी के जीवन में सुख-समृद्धि का वास हो तथा हमारा छत्तीसगढ़ निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर हो, यही हमारी कामना है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों के प्रति आभार व्यक्त किया, जिन्होंने आस्था, विश्वास और सनातन संस्कृति की इस महत्वपूर्ण यात्रा में सहभागी बनकर इसे सफल बनाया।

पूर्व विधायक एवं संसदीय सचिव लाभचंद बाफना ने भी कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं के साथ शामिल होकर भगवान भोलेनाथ को जल अर्पित किया। उन्होंने क्षेत्रवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। कांवड़ यात्रा के माध्यम से विधानसभा क्षेत्र में भक्ति, आस्था और सनातन संस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली।

इस अवसर पर साजा नगर पंचायत अध्यक्ष हिमांशु वर्मा, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जोशी, मूलचंद शर्मा, जिला महामंत्री राजेश ठाकुर, खमरिया मंडल अध्यक्ष केशव पटेल, हरिशंकर तावरी, एल्डरमेन अनिल सिंघानिया, ज्वाला सिंह राजपूत, जिला पंचायत प्रतिनिधि बलराम पटेल, नगर मंडल अध्यक्ष बुलाक साहू, मधु राजपूत, राजेश सिंघानिया, दौलतनाथ योगी, पारस योगी, नमिता सिन्हा, पार्षद सूरज पाल, शिवानी यादव, चंद्रशेखर राजपूत, आदर्श जोशी, सोनू शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here