ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना के अंतर्गत कन्या प्राथमिक शाला थान खम्हरिया में विद्यार्थियों के लिए नेवता भोज का आयोजन किया गया। शिक्षक हसनैन तंवर एवं मुकेश साहू को जनगणना कार्य का मानदेय प्राप्त होने के उपलक्ष्य में शाला के सभी छात्र-छात्राओं को नेवता भोज कराया गया। इस अवसर पर नगर पंचायत के एल्डरमैन अनिल सिंघानिया विशेष रूप से कार्यक्रम में सम्मिलित हुए और बच्चों के साथ भोजन कर उनका उत्साहवर्धन किया।
नेवता भोज में बच्चों को स्वादिष्ट एवं पौष्टिक भोजन के रूप में खीर, पूड़ी एवं छोले-आलू की सब्जी परोसी गई। स्वादिष्ट भोजन पाकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने सामूहिक रूप से भोजन का आनंद लिया। विद्यालय परिसर में इस अवसर पर उत्साह एवं आपसी सौहार्द का वातावरण बना रहा।

इस अवसर पर एल्डरमैन अनिल सिंघानिया ने कहा कि छत्तीसगढ़ के स्कूलों में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना के अंतर्गत नेवता भोज का उद्देश्य समुदाय के बीच अपनेपन की भावना विकसित करना, बच्चों के भोजन के पोषक मूल्य में वृद्धि करना तथा सभी समुदायों के बच्चों में समानता की भावना को बढ़ावा देना है। पौष्टिक भोजन बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने में भी सहायक होता है। उन्होंने कहा कि नेवता भोज की पहल से सरकारी स्कूलों में उत्साह और रौनक बढ़ी है तथा समाज के विभिन्न वर्गों की विद्यालयों से सहभागिता भी मजबूत हो रही है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा 21 फरवरी 2024 को योजना की शुरुआत की गई थी। इसके अंतर्गत विभिन्न अवसरों पर स्कूलों में नेवता भोज आयोजित कर बच्चों के साथ भोजन साझा करने की परंपरा को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना का उद्देश्य विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को पौष्टिक एवं संतुलित भोजन उपलब्ध कराना तथा उन्हें विद्यालय आने के लिए प्रोत्साहित करना है। नेवता भोज इसी भावना के अनुरूप बच्चों, अभिभावकों और समाज के विभिन्न वर्गों को विद्यालय से जोड़ने का कार्य कर रहा है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में सामूहिकता, अपनापन, समानता और सामाजिक सहभागिता की भावना भी विकसित होती है।
विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती संध्या दीपक ने नेवता भोज के आयोजन के लिए सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ इस प्रकार भोजन साझा करना उनके लिए खुशी का अवसर है और ऐसे आयोजन विद्यालय एवं समाज के बीच बेहतर जुड़ाव स्थापित करते हैं।
कार्यक्रम में ढाल सिंह राजपूत, रविंद्र यादव, चुनेश्वरी भुवार्य, कमल जोशी, मनोज ठाकुर, भागीरथी वर्मा, द्वारिका राम साहू, प्रधान पाठक मोहन सिन्हा, फिरोज बेगम, सेवती ध्रुव, मुकेश साहू, हसनैन तंवर, घसिया निषाद, रामस्नेही नामदेव सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं स्टाफ उपस्थित रहे।




