थानखम्हरिया। रेडियो श्रोता दिवस के अवसर पर भिलाई में दो दिवसीय अखिल भारतीय रेडियो श्रोता सम्मेलन का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ रेडियो श्रोता संघ द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में देशभर से रेडियो उद्घोषक एवं श्रोता शामिल हुए। इस दौरान प्रतिभागियों ने रेडियो से जुड़ी अपनी पुरानी यादें, अनुभव और संस्मरण साझा किए।
सम्मेलन के समापन अवसर पर दुर्ग सांसद विजय बघेल भी शामिल हुए। उन्होंने देशभर से पहुंचे रेडियो श्रोताओं को संबोधित करते हुए कहा कि रेडियो को लोकप्रिय बनाने में जितना महत्वपूर्ण योगदान उद्घोषकों का रहा है, उतनी ही महत्वपूर्ण भूमिका रेडियो श्रोताओं की भी रही है। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे रेडियो श्रोताओं को सम्मानित किया गया।
दूरदर्शन समाचार से चर्चा के दौरान विजय बघेल ने रेडियो से जुड़े अपने पुराने अनुभव साझा करते हुए कहा कि रेडियो का महत्व पहले भी था, आज भी है और भविष्य में भी बना रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने विचार और संदेश देशवासियों तक पहुंचाने के लिए रेडियो को माध्यम बनाया है। ‘मन की बात’ कार्यक्रम के जरिए उन्होंने करोड़ों लोगों से संवाद स्थापित किया।
सम्मेलन के संयोजक एवं छत्तीसगढ़ रेडियो श्रोता संघ के संरक्षक अशोक बजाज ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों के रेडियो के प्रति जुड़ाव को बनाए रखना तथा श्रोताओं के बीच रेडियो की लोकप्रियता को निरंतर जीवंत रखना है।
दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान लोक कलाकारों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां देकर समां बांधा। वहीं, पुराने दौर में इस्तेमाल किए जाने वाले रेडियो सेटों की प्रदर्शनी भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे रेडियो प्रेमियों ने सम्मेलन के माध्यम से रेडियो से जुड़ी अपनी पुरानी यादों को एक बार फिर जीवंत किया।



