चोरी के एक मामले ने पुलिस को ऐसे नेटवर्क तक पहुंचा दिया, जिसकी कड़ियां कई राज्यों से जुड़ी हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी बांग्लादेशी नागरिक है और फर्जी पहचान के सहारे किराए के मकानों में रहकर चोरी की वारदातें करता था।
बेमेतरा पुलिस ने चोरी के एक मामले की जांच के दौरान ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो बांग्लादेश से अवैध रूप से भारत आया और फर्जी पहचान दस्तावेजों के सहारे अलग-अलग राज्यों में रह रहा था। आरोपी बर्तन बेचने की आड़ में किराए का मकान लेता था और आसपास के गांवों व मोहल्लों में घूमकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार भारत आने के बाद आरोपी ने कर्नाटक में फर्जी आधार कार्ड और पैन कार्ड जैसे दस्तावेज तैयार करवाए। इसके बाद वह मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और कर्नाटक सहित अलग-अलग राज्यों में रहा। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी दस्तावेज तैयार कराने में उसकी मदद किसने की और इस पूरे नेटवर्क में अन्य कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक सुमोन खान किसी नए इलाके में पहुंचने के बाद खुद को बर्तन बेचने वाला बताकर किराए पर मकान लेता था। इसके बाद गांवों और गली-मोहल्लों में घूमते हुए लोगों के घरों की रेकी करता था। मौका मिलने पर वह चोरी की वारदात को अंजाम देता था। पुलिस का कहना है कि उसके साथ अन्य लोग भी इस तरह की वारदातों में शामिल रहे हैं।
बेमेतरा पुलिस अब आरोपी से जुड़े संभावित अपराधों और उसके साथियों के संबंध में जानकारी जुटाने के लिए कई राज्यों की पुलिस के संपर्क में है। पुलिस के अनुसार 14 जिलों से आरोपी से जुड़ी जानकारी साझा की जा रही है। इनमें कांकेर, कोरिया, इंदौर, साइबराबाद, पूर्वी दिल्ली, बड़गाम, दक्षिण दिनाजपुर, कृष्णानगर-नादिया, बागलकोट, बेलगाम, चंद्रपुर, नागपुर और कोरापुट सहित अन्य जिले शामिल हैं।




