ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थानखम्हरिया। सरस्वती शिशु मंदिर थानखम्हरिया में कक्षा तृतीय से पंचम तक के भैया-बहनों द्वारा 24 अगस्त को बाल कांवर यात्रा निकाली गई। पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन और सुसज्जित वेशभूषा में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने ‘बोल बम’ के जयघोष के साथ कांवर यात्रा निकाली।
विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष पुरुषोत्तम अग्रवाल, व्यवस्थापक राकेश जोशी, सहसचिव पुरुषोत्तम सिंघानिया तथा प्राचार्य लखन लाल साहू द्वारा पूजा-अर्चना कर यात्रा का शुभारंभ किया गया। इसके बाद बच्चे कुटी धाम से जल लेकर नगर के मुख्य मार्गों से पैदल चलते हुए मधुर गीत-संगीत एवं भजनों के साथ सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया।
नन्हे कांवड़ियों की भक्ति और उत्साह से नगर का वातावरण भक्तिमय हो गया। पारंपरिक वेशभूषा एवं आकर्षक कांवर के साथ निकली यह बाल कांवर यात्रा नगर में आकर्षण का केंद्र बनी रही। यात्रा के दौरान बच्चों में विशेष उत्साह एवं उमंग देखने को मिला।
बाल कांवर यात्रा को सफल बनाने में विद्यालय के आचार्य-दीदियों ने भी सराहनीय योगदान दिया। विद्यालय परिवार ने बच्चों को धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने वाली इस पहल की सराहना की।




