Home Uncategorized सुपेला चौक से गदा चौक तक प्रस्तावित फ्लाईओवर का व्यापारियों ने किया...

सुपेला चौक से गदा चौक तक प्रस्तावित फ्लाईओवर का व्यापारियों ने किया विरोध

11
0

 

सांसद विजय बघेल से पुनः समीक्षा की मांग, अधिकारियों को पुनर्विचार के निर्देश

ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया

थानखम्हरिया। सुपेला चौक से गदा चौक तक प्रस्तावित लगभग 1 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर निर्माण को लेकर क्षेत्र के व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों में चिंता और असहमति सामने आई है। इस संबंध में गणेश मार्केट, सुपेला व्यापारी संघ तथा होलसेल होजियरी रेडीमेड एंड क्लॉथ मर्चेंट एसोसिएशन सहित क्षेत्र के व्यापारियों एवं नागरिकों ने सांसद दुर्ग लोकसभा विजय बघेल के सेक्टर-5 भिलाई स्थित निज निवास कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने प्रस्तावित फ्लाईओवर निर्माण को तत्काल स्थगित कर उसकी उपयोगिता एवं जनहित के दृष्टिकोण से पुनः समीक्षा कराने की मांग की।

ज्ञापन में व्यापारियों ने कहा कि सुपेला चौक से गदा चौक तक का मार्ग महत्वपूर्ण व्यावसायिक क्षेत्र है। सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में दुकानें संचालित हैं तथा सड़क की चौड़ाई लगभग 100 से 150 फीट होने के कारण वर्तमान में नागरिकों को आवागमन में किसी विशेष परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। ऐसे में फ्लाईओवर निर्माण से नीचे की सर्विस रोड, चौराहों और आसपास के बाजारों में यातायात व्यवस्था प्रभावित होने तथा व्यापारियों को आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई गई।

व्यापारियों ने सांसद से मांग की कि फ्लाईओवर निर्माण शुरू करने से पहले प्रस्तावित मार्ग पर यातायात की वास्तविक आवश्यकता, सर्विस रोड एवं पार्किंग की स्थिति, व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर पड़ने वाले प्रभाव तथा वर्तमान एवं भविष्य की यातायात आवश्यकता का वैज्ञानिक एवं तकनीकी सर्वे कराया जाए। साथ ही सर्वे की रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग भी की गई।

व्यापारियों ने यह भी मांग रखी कि निर्माण के दौरान होने वाले यातायात अवरोध, धूल, दुर्घटना के जोखिम एवं व्यापारिक नुकसान का आकलन किया जाए तथा प्रभावित व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों के साथ पारदर्शी जनसुनवाई एवं परामर्श किया जाए। परियोजना की डीपीआर, तकनीकी रिपोर्ट, लागत, स्वीकृति तथा वैकल्पिक यातायात व्यवस्था से संबंधित जानकारी भी सार्वजनिक करने की मांग की गई।

व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि वे विकास कार्यों के विरोधी नहीं हैं। वे क्षेत्र में बेहतर सड़क और यातायात व्यवस्था के साथ विकास चाहते हैं, लेकिन विकास कार्य ऐसा होना चाहिए जिसमें जनहित, स्थानीय व्यापारियों के हित और भविष्य की यातायात आवश्यकताओं का भी ध्यान रखा जाए।

ज्ञापन में कहा गया कि लगभग 1 किलोमीटर के मार्ग पर फ्लाईओवर की आवश्यकता का पुनर्मूल्यांकन किया जाना चाहिए। व्यापारियों के अनुसार इस परियोजना से क्षेत्र के करीब 500 व्यापारियों के हित प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने परियोजना की उपयोगिता प्रमाणित नहीं होने की स्थिति में इसे निरस्त कर उपयुक्त वैकल्पिक यातायात व्यवस्था पर विचार करने की मांग की।

सांसद विजय बघेल ने सुपेला व्यापारी संघ के पदाधिकारियों की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित अधिकारियों से प्रस्तावित फ्लाईओवर परियोजना पर पुनर्विचार करने को कहा। व्यापारियों ने सांसद से इस विषय को जनहित में प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभाग एवं प्रशासन के समक्ष उनकी समस्याओं को मजबूती से रखने तथा उचित निर्णय सुनिश्चित कराने का आग्रह किया।

प्रमुख मांगें: प्रस्तावित फ्लाईओवर निर्माण को तत्काल स्थगित करना, स्वतंत्र तकनीकी एवं ट्रैफिक सर्वे कराना, प्रभावित व्यापारियों एवं नागरिकों के साथ खुली जनसुनवाई करना, परियोजना की डीपीआर एवं तकनीकी रिपोर्ट सार्वजनिक करना तथा आवश्यकता प्रमाणित न होने पर वैकल्पिक यातायात व्यवस्था पर विचार करना।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here