रक्षाबंधन का त्योहार जहां शहर में भाई-बहन के प्रेम और खुशियों के साथ मनाया जा रहा था, वहीं दुर्ग में इसी रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में मामूली कहासुनी के बाद कुछ युवकों ने एक युवक पर चाकू और पत्थर से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक मृतक धन्ना चौधरी अपने दो दोस्तों के साथ खाना खाने के बाद देर रात घर लौट रहा था। तीनों चंडी मंदिर नयापारा रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ युवकों से किसी बात को लेकर गाली-गलौज शुरू हो गई। देखते ही देखते कहासुनी ने विवाद का रूप ले लिया।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान धन्ना ने विरोध किया, जिसके बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उस पर चाकू और पत्थर से कई वार किए गए। हमले से धन्ना गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। उसके दोस्तों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों के पास धारदार हथियार होने के कारण वे भी अपनी जान बचाकर वहां से हट गए।
कुछ देर बाद साथी दोबारा मौके पर पहुंचे तो धन्ना सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा मिला। उन्होंने आनन-फानन में उसे ई-रिक्शा से दुर्ग जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया।
पुलिस मृतक के दोस्तों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद वारदात के पीछे की पूरी वजह और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट होगी।




