Home छत्तीसगढ़ सियान जन कल्याण समिति ने मनाया स्थापना दिवस

सियान जन कल्याण समिति ने मनाया स्थापना दिवस

8
0
सांसद विजय बघेल ने वरिष्ठजनों के अनुभव को समाज के लिए बताया अमूल्य
ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया

थान खमरिया। सियान जन कल्याण समिति, न्यू आदर्श नगर पोटिया, दुर्ग का स्थापना दिवस समारोह उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल रहे, जबकि अध्यक्षता महापौर अल्का वाघमर ने की। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष बलदाऊ राम साहू, सचिव राकेश यादव, पार्षद अजय वर्मा, पार्षद सरिता साहू सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इस दौरान श्यामलाल साहू ने “मैं विनती करता हूं मोर धरती मां” गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।

समिति अध्यक्ष बलदाऊ राम साहू ने समिति की गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि समिति की शुरुआत दो वर्ष पूर्व लगभग 15 सदस्यों के साथ हुई थी, जो अब बढ़कर 79 सदस्यों तक पहुंच गई है। समिति का विधिवत पंजीयन भी हो चुका है। समिति द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों को कॉपी, पेन एवं पुस्तकें वितरित करने के साथ ही माता तालाब में स्वच्छता अभियान चलाया गया। नशामुक्ति एवं सनातन संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए हनुमान चालीसा पाठ सहित विभिन्न आध्यात्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं।

उन्होंने समिति के लिए भवन की आवश्यकता बताते हुए कहा कि यदि उचित स्थान उपलब्ध हो जाए तो वरिष्ठजन अपने अनुभव एवं ज्ञान का लाभ नई पीढ़ी को दे सकते हैं। भवन में कोचिंग कक्षाओं सहित विभिन्न ज्ञानवर्धक एवं रचनात्मक गतिविधियां संचालित की जा सकती हैं। उन्होंने बताया कि समिति द्वारा आपसी सहयोग से अब तक लगभग दो लाख रुपये सामाजिक कार्यों में खर्च किए जा चुके हैं।

पार्षद अजय वर्मा ने कहा कि माता तालाब की स्थिति अतिक्रमण के कारण प्रभावित हुई है। इसके बावजूद क्षेत्र के वरिष्ठजन समाजहित में लगातार अपना समय दे रहे हैं। सियान अपने अनुभव के साथ-साथ शिक्षा, संस्कार एवं सामाजिक मूल्यों का ज्ञान नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।

पार्षद सरिता साहू ने वरिष्ठजनों की समस्याओं को सामने रखते हुए समिति के लिए भवन की आवश्यकता पर जोर दिया।

मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने कहा कि जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने के बाद वरिष्ठजन अपने अनुभव और ज्ञान को समाजसेवा एवं रचनात्मक कार्यों के माध्यम से आने वाली पीढ़ी तक पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लगभग 15 सदस्यों से शुरू हुई समिति का 79 सदस्यों तक पहुंचना उसकी सक्रियता और सामाजिक कार्यों के प्रति समर्पण को दर्शाता है।

सांसद बघेल ने समिति अध्यक्ष बलदाऊ राम साहू के सामाजिक समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि वे समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों का अनुभव समाज के लिए अमूल्य है। आध्यात्मिक, सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से उनके अनुभव का लाभ आने वाली पीढ़ी को मिलना चाहिए।

सांसद विजय बघेल ने कहा कि लोकतंत्र के सबसे बड़े मंदिर संसद में क्षेत्र की जनता ने उन्हें प्रतिनिधित्व करने का अवसर दिया है। वे जनता की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए समिति के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराने एवं भवन निर्माण के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने सभी वरिष्ठजनों के स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. कोमल सिंह सार्वा ने आभार व्यक्त किया। समारोह में समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here