प्रशासनिक एवं वित्तीय अधिकार भी सौंपे गए
ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थानखम्हरिया। नगर के पशु चिकित्सक डाॅ. निर्मल कुमार केडिया को उपसंचालक, पशु चिकित्सा सेवाएं बेमेतरा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। स्थानीय पशु चिकित्सालय में पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ के पद पर सेवाएं दे रहे डाॅ. केडिया को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ उपसंचालक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
बताया गया कि डाॅ. राजेन्द्र भगत, उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं बेमेतरा के निलंबित होने के बाद जिले में विभागीय कार्यों के सुचारू संचालन के लिए वरिष्ठ अधिकारी के रूप में डाॅ. केडिया को यह अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें विभागीय कार्यों के संचालन के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय अधिकार भी प्रदान किए गए हैं।
डाॅ. निर्मल कुमार केडिया को अतिरिक्त प्रभार मिलने पर विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। माना जा रहा है कि उनके अनुभव से जिले में पशु चिकित्सा सेवाओं एवं विभागीय कार्यों के संचालन को गति मिलेगी।



