Home छत्तीसगढ़ शासकीय हाई स्कूल गौरमाटी के प्राचार्य कृष्ण कुमार वर्मा को मिला उत्कृष्ट...

शासकीय हाई स्कूल गौरमाटी के प्राचार्य कृष्ण कुमार वर्मा को मिला उत्कृष्ट ‘सरस्वती पुत्र सम्मान’

4
0

 

प्रकृति शिक्षण विज्ञान यात्रा के राज्य स्तरीय अलंकरण समारोह में शिक्षा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए किया गया सम्मानित

ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थानखम्हरिया। प्रकृति शिक्षण विज्ञान यात्रा छत्तीसगढ़ द्वारा राज्य स्तरीय अलंकरण समारोह का आयोजन 20 सितंबर 2026 को प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन अकादमिक भवन, राखी मोड़ (चरमुड़िया), कुरुद, जिला धमतरी में किया गया। समारोह में शिक्षा, विज्ञान, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, स्वास्थ्य, कला-संस्कृति, समाजसेवा, महिला सशक्तिकरण तथा रूढ़िवादिता एवं अंधविश्वास उन्मूलन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले शिक्षकों, विज्ञान संचारकों एवं समाजसेवियों को सम्मानित किया गया।

समारोह में शासकीय हाई स्कूल गौरमाटी, विकासखंड सहसपुर लोहारा, जिला कबीरधाम के प्राचार्य श्री कृष्ण कुमार वर्मा को इस वर्ष का सर्वोच्च ‘उत्कृष्ट सरस्वती पुत्र सम्मान’ प्रदान किया गया। उनके शिक्षा के क्षेत्र में योगदान एवं उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए उन्हें यह सम्मान दिया गया।

गुरु-शिष्य परंपरा को दिया विशेष महत्व

समारोह में भारतीय संस्कृति एवं गुरु-शिष्य परंपरा को विशेष महत्व दिया गया। प्रकृति शिक्षण विज्ञान यात्रा की टीम द्वारा विगत कई वर्षों से गुरुजनों का पाद प्रक्षालन कर उनके उत्कृष्ट कार्यों का सम्मान किया जाता रहा है। इस अवसर पर गुरुजनों की महाआरती एवं अभिनंदन किया गया, जो समारोह का प्रमुख आकर्षण रहा।

पारदर्शी प्रक्रिया से हुआ चयन

आयोजकों के अनुसार राज्य अलंकरण के लिए चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं कार्य आधारित रखी गई थी। पूरे छत्तीसगढ़ से लगभग 600 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें कार्य, योगदान एवं सामाजिक प्रभाव के आधार पर प्रतिभाओं का चयन किया गया। समारोह में लगभग 100 उत्कृष्ट प्रतिभाओं, 50 विज्ञान संचारकों एवं 20 खोजी छात्रों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर महर्षि वशिष्ठ सम्मान श्री हेमशंकर सिन्हा, कांकेर तथा उत्कृष्ट विद्यालय सम्मान सुश्री अंबालिका पटेल, बेमेतरा को प्रदान किया गया।

विशिष्ट अतिथियों की रही मौजूदगी

समारोह के मुख्य अतिथि श्री सुरेश अग्रवाल, संस्थापक, राष्ट्रीय अपूर्व विज्ञान मेला, नागपुर (महाराष्ट्र) रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री अभिषेक शुक्ला, अध्यक्ष, प्रकृति शिक्षण विज्ञान यात्रा छत्तीसगढ़ ने की।

कार्यक्रम में डॉ. राकेश कुमार सोनी, उप-कुलसचिव, अंजनेय विश्वविद्यालय, नया रायपुर; श्री जगजीत सिंह धीर, जिला शिक्षा अधिकारी, दुर्ग; पद्मश्री श्री अजय कुमार मंडावी; श्री नीरज वर्मा, इसरो साइंस एक्टिविस्ट, महाराष्ट्र; श्री मनोज मिश्रा, संस्थापक, विकास फैमिली क्लब, बक्सर (बिहार); श्रीमती रश्मि वर्मा, आर.के. साइंस पार्क, गोंदिया (महाराष्ट्र); श्रीमती संध्या कुशाल, विज्ञान संचारक, बस्तर तथा श्री मोतीलाल देवांगन, समन्वयक, प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन, कुरुद सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।

बधाई देने वालों ने जताई खुशी

श्री कृष्ण कुमार वर्मा को सर्वोच्च ‘उत्कृष्ट सरस्वती पुत्र सम्मान’ से सम्मानित किए जाने पर शासकीय हाई स्कूल गौरमाटी के समस्त स्टाफ, विद्यार्थियों, पालकों, एसएमडीसी के पदाधिकारियों, संकुल केंद्र गौरमाटी के शिक्षकों, इष्ट मित्रों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here