उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने गांव में शेड एवं सामुदायिक भवन के लिए 20 लाख रुपये की घोषणा
ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया। जिले के ग्राम धनगांव में स्वर्ण जयंती एवं राज्यस्तरीय रामधुनि प्रतियोगिता का भव्य समापन भक्ति और आस्था के महाकुंभ के रूप में हुआ। मंजीरों की थाप, रामधुनि की गूंज और शहीद जवानों को तर्पण के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से पहुंची रामधुनि मंडलियों ने रंग-बिरंगे परिधानों में अपनी प्रस्तुतियां देकर भक्ति के साथ छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति की मनोहारी छटा बिखेरी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या देवी साय, कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद विजय बघेल, विधायक दीपेश साहू, विधायक ईश्वर साहू, अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य दयावंत बांधे, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी, महिला मोर्चा अध्यक्ष प्रज्ञा निर्वाणी, नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा सहित संतवृंद एवं बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष संत राजीव लोचन दास महाराज एवं ग्रामवासियों ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंटकर आत्मीय स्वागत किया।
सीएम की धर्मपत्नी ने बजाया मंजीरा
रामधुनि की गूंज के बीच मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या देवी साय भक्ति के रंग में रंगी नजर आईं। उन्होंने स्वयं मंजीरा हाथ में लेकर भजन मंडली के साथ संगत की। उनका यह सहज और आत्मीय रूप देखकर ग्रामीण भावविभोर हो उठे। कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी रामधुनि और भजनों के साथ उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
उपमुख्यमंत्री ने दी 20 लाख रुपये की सौगात
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने रामधुनि में शामिल सभी टोलियों से सौजन्य मुलाकात की। उन्होंने कहा कि राज्यस्तरीय आयोजन में सबसे अधिक रामधुनि की टोलियां कबीरधाम जिले से पहुंची हैं। उन्होंने रामधुनि की महत्ता बताते हुए कहा कि राम और सीता के मिलन से राग बनता है और इसी राग का सत्संग यहां देखने को मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि पितृ पक्ष के अवसर पर वर्ष 2000 से अब तक नक्सल अभियान में शहीद हुए 1399 जवानों का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ तर्पण किया गया। उन्होंने कहा कि बस्तर, मानपुर-मोहला और कवर्धा सहित नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में परिस्थितियों में बदलाव आ रहा है और ग्रामीण अब सामान्य जीवन की ओर लौट रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत की सरपंच मोनिका गजानंद साहू की मांग पर उपमुख्यमंत्री ने गांव में शेड निर्माण एवं सामुदायिक भवन के लिए 20 लाख रुपये देने की घोषणा की। घोषणा से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा।
राज्यस्तरीय रामधुनि प्रतियोगिता के विजेता
प्रथम: पेंड्रीतराई, कबीरधाम — 1 लाख रुपये
द्वितीय: कन्हारपुर, मुंगेली
तृतीय: कटई, बेमेतरा
चतुर्थ: पोड़ी, धमतरी
पंचम: पीड़ा, मुंगेली



