स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत लगाया गया स्वास्थ्य शिविर, 59 लोगों की जांच
ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया। नगर पंचायत थान खम्हरिया में स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत स्वच्छता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान लोगों को स्वच्छता के महत्व, साफ-सफाई एवं स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। साथ ही विभिन्न स्वच्छता गतिविधियों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के तहत नगर पंचायत परिसर में मोबाइल मेडिकल यूनिट द्वारा स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। इस दौरान नगर पंचायत के सफाई मित्रों एवं कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। मोबाइल मेडिकल यूनिट द्वारा कुल 59 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जबकि 19 लोगों के विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण (टेस्ट) किए गए।

स्वास्थ्य शिविर में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने सफाई मित्रों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी ली तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। जरूरत के अनुसार कर्मचारियों को दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। चिकित्सकीय टीम ने सफाई कार्य में लगे कर्मचारियों को नियमित स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी।
शिविर में मोबाइल मेडिकल यूनिट की टीम में डॉ. प्रमोद, फार्मासिस्ट भुवन साहू, नर्स चन्द्रकिरण निषाद, लैब टेक्नीशियन मिथुन खरे एवं वाहन चालक राहुल नेताम उपस्थित रहे।
नगर पंचायत के सफाई मित्रों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आयोजित इस तरह के स्वास्थ्य शिविर को महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। सफाई कर्मियों ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।




