11 अक्टूबर को निकलेगी अग्रसेन जयंती की भव्य शोभायात्रा, सभी समाजजनों से सपरिवार शामिल होने की अपील
रायपुर। अग्रसेन जयंती महोत्सव के अंतर्गत श्री अग्रवाल सभा, रायपुर की केंद्रीय समिति के कार्यक्रम का शुभारंभ श्री श्याम प्रभु के भजनों की मधुर स्वर लहरियों के साथ भक्तिमय वातावरण में हुआ। इस अवसर पर कचना विधानसभा मोहल्ला समिति को अपने मोहल्ला स्तरीय कार्यक्रमों की भव्यता तथा उल्लेखनीय आर्थिक सहयोग के लिए सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि कचना विधानसभा मोहल्ला समिति के कार्यक्रमों का शुभारंभ 3 अक्टूबर को हुआ था तथा 4 अक्टूबर को उनका समापन हुआ। समिति ने अग्रसेन जयंती महोत्सव के आयोजनों को भव्यता और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के साथ-साथ महत्वपूर्ण आर्थिक सहयोग प्रदान कर महोत्सव की सफलता में अहम भूमिका निभाई। समिति के इसी समर्पण और योगदान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए केंद्रीय कार्यक्रम में उसके प्रतिनिधियों का सम्मान किया गया।

इस अवसर पर कचना विधानसभा मोहल्ला समिति की ओर से संयोजक श्री अशोक गोयल जी, महिला मंडल संयोजक श्रीमती मिरु हरलालका जी तथा युवती मंडल से सुश्री सोनम जिंदल जी उपस्थित रहीं।
11 अक्टूबर को निकलेगी अग्रसेन जयंती की भव्य शोभायात्रा
अग्रसेन जयंती महोत्सव के अंतर्गत 11 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस आयोजन के माध्यम से समाज की एकता, सांस्कृतिक गौरव और महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
कचना विधानसभा मोहल्ला समिति के संयोजक श्री अशोक गोयल जी एवं महिला मंडल संयोजक श्रीमती मिरु हरलालका जी ने समस्त समाजजनों से अपील की है कि वे 11 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे से आयोजित शोभायात्रा में सपरिवार उत्साहपूर्वक शामिल हों।
उन्होंने कहा कि अग्रसेन जयंती केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि हमारी सामाजिक एकता, परंपरा और गौरव का प्रतीक है। सभी समाजजनों की सामूहिक सहभागिता से शोभायात्रा को भव्य एवं यादगार बनाया जा सकता है। उन्होंने प्रत्येक परिवार से आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर समाज की एकता, संस्कृति और रायपुर शहर की शोभा बढ़ाएं।
अग्रसेन जयंती महोत्सव के माध्यम से समाज में आपसी सहयोग, समर्पण और संगठन की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया जा रहा है। 11 अक्टूबर को आयोजित होने वाली भव्य शोभायात्रा में समाजजनों की सहभागिता आयोजन की गरिमा को और बढ़ाएगी।




