Home छत्तीसगढ़ रायपुर मंडल में स्वच्छता पखवाड़ा के तहत अनाधिकृत पोस्टर, बैनर एवं दाग-धब्बे...

रायपुर मंडल में स्वच्छता पखवाड़ा के तहत अनाधिकृत पोस्टर, बैनर एवं दाग-धब्बे हटाने के लिए विशेष अभियान

4
0

रायपुर –
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर मंडल में रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार दिनांक 01 से 15 अक्टूबर 2026 तक “स्वच्छता पखवाड़ा” मनाया जा रहा है। इस दौरान प्रतिदिन निर्धारित थीम के अनुरूप रेलवे परिसरों में स्वच्छता, स्वच्छ पर्यावरण एवं जनजागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही है।

इसी क्रम में दिनांक 09 एवं 10 अक्टूबर 2026 को “अनाधिकृत पोस्टर, बैनर, दाग-धब्बे हटाने का अभियान” थीम के अंतर्गत मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों, रेलवे परिसरों एवं कार्यालयों के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान के माध्यम से रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के साथ-साथ यात्रियों को स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के तहत स्टेशनों, फुट ओवर ब्रिज (FOB), सबवे, बाउंड्री वॉल एवं रेलवे कॉलोनियों में लगे अनाधिकृत पोस्टर, स्टिकर, दीवार लेखन, बैनर एवं होर्डिंग की पहचान कर उन्हें हटाया गया। पोस्टर एवं विज्ञापन सामग्री हटाने के पश्चात संबंधित दीवारों एवं खंभों की विशेष सफाई की गई, ताकि परिसर की सुंदरता बनाए रखने के साथ-साथ दोबारा पोस्टर चिपकाने की प्रवृत्ति को भी कम किया जा सके।

रेलवे परिसरों में पान एवं गुटखे की पीक से होने वाले लाल तथा पीले दाग-धब्बों को हटाने के लिए दीवारों, खंभों, सीढ़ियों तथा फुट ओवर ब्रिज एवं सबवे के कोनों की विशेष सफाई तथा स्क्रबिंग की गई।

अभियान के दौरान प्लेटफॉर्म के कोनों तथा स्टेशन के प्रवेश एवं निकास द्वार जैसे अधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित की गई। वाणिज्य विभाग द्वारा सभी प्रमुख स्टेशनों में उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से यात्रियों को स्वच्छता बनाए रखने, इधर-उधर न थूकने तथा कचरे को निर्धारित डस्टबिन में डालने संबंधी संदेश प्रसारित कर जागरूक किया जा रहा है।

रेलवे परिसरों में गंदगी फैलाने, सार्वजनिक स्थानों पर थूकने एवं कूड़ा इधर-उधर फेंकने वालों के विरुद्ध रेलवे अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार नियमानुसार चालान की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जा रही है।

रेल प्रशासन यात्रियों एवं आमजनों से अपील करता है, कि वे रेलवे परिसरों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सहयोग करें, दीवारों पर अनाधिकृत पोस्टर न लगाएं, सार्वजनिक स्थानों पर न थूकें तथा कचरे को हमेशा निर्धारित डस्टबिन में ही डालें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here