ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया। मारवाड़ी दुर्गा उत्सव समिति, थान खम्हरिया द्वारा शारदीय नवरात्र के अवसर पर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 15 अक्टूबर को डांडिया रास-गरबा का आयोजन होगा, वहीं 16 अक्टूबर, शुक्रवार को हर गोपाल शर्मा के सानिध्य में श्याम मित्र मंडली, भाटापारा द्वारा भजन संध्या का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
आयोजन में माता रानी के भक्ति संगीत और पारंपरिक डांडिया-गरबा की धुनों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। जहां डांडिया-गरबा की धुन पर श्रद्धालु थिरकेंगे, वहीं श्याम मित्र मंडली भाटापारा की भजन प्रस्तुतियों से वातावरण भक्तिमय होगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से नवरात्र के उल्लास को नई पहचान देने के साथ लोगों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
समिति के निखिल अग्रवाल ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य नवरात्र की धार्मिक आस्था को बढ़ावा देने के साथ भारतीय लोक संस्कृति एवं परंपराओं को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने नगर एवं क्षेत्रवासियों से दोनों कार्यक्रमों में शामिल होकर माता रानी की भक्ति और सांस्कृतिक उत्सव का आनंद लेने की अपील की।




